भारत
वैष्णो देवी यात्रा स्थगित होने के बाद कटरा में फंसे श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था
जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पर्वत पर स्थित माता वैष्णो देवी भवन की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित होने के बाद आधार शिविर कटरा में फंसे श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था की है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 23 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण रविवार को वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई थी।
श्राइन बोर्ड के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कटरा में फंसे श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क लंगर सेवा उपलब्ध कराने की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि उनके ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित ध्यान रखा जा सके।’’ उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल एवं श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा के निर्देश पर बोर्ड ने प्रभावित श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए अपने सभी संसाधन जुटा लिये हैं। प्रवक्ता ने बताया, ‘‘कटरा बस अड्डे के निकट स्थित निहारिका परिसर में नि:शुल्क लंगर की व्यवस्था की गई है, जहां फंसे हुए श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है और श्राइन बोर्ड के अधिकारी उन्हें आवश्यक सहायता भी प्रदान कर रहे हैं।




