मुंबई। अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का शनिवार शाम को यहां स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके दोस्त और परिवार के सदस्य मौजूद रहे। ‘‘कांटा लगा’’ गाने से मशहूर हुईं अभिनेत्री शेफाली जरीवाला (42) की शुक्रवार रात मृत्यु हो गई। मीडिया में आईं कई खबरों में दावा किया गया है कि शेफाली की मौत हृदयाघात से हुई, हालांकि उनकी मौत का आधिकारिक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। शेफाली का अंतिम संस्कार ओशिवारा श्मशान घाट पर किया गया।
अंतिम संस्कार जरीवाला के पति पराग त्यागी, उनके पिता सतीश जरीवाला और छोटी बहन शिवानी जरीवाला ने किया। अंतिम संस्कार के दौरान मीका सिंह, विकास गुप्ता, शहनाज गिल, ऐश्वर्या सखूजा और अशोक पंडित समेत फिल्म उद्योग की कई हस्तियां मौजूद थीं। शेफाली को उनके पति एवं अभिनेता पराग त्यागी उपनगरीय मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में लेकर आए थे। अस्पताल के एक सूत्र ने बताया, ‘‘शेफाली को रात करीब 11:15 बजे अस्पताल लाया गया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रोते हुए पराग त्यागी ने दी अंतिम विदाई
शेफाली जरीवाला के पिता ने उन्हें मुखाग्नि दी। वहीं पति पराग कंधा देते नजर आए थे। शेफाली के पति पराग त्यागी अपनी पत्नी को अंतिम विदाई देने के बाद पूरी तरह टूट गए थे। उनकी एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें वो जमीन पर बैठकर शेफाली के शव को गले लगाते नजर आ रहे हैं। उनकी भरी आंखे और दुखी मन की झलक साफ दिखी। अंतिम संस्कार के बाद जब मीडिया ने उनसे बात करनी चाही तो वे हाथ जोड़कर बस इतना ही कह पाए, ‘कुछ गलत न कहिएगा…आप लोग मेरी परी के लिए प्रेयर करना प्लीज…।’ उनकी ये बात सुनकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया। पराग की आंखों में गहरा शोक और चेहरे पर थकावट साफ दिख रही थी। उनकी आवाज में वो गम झलक रहा था।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।