भारत-मिस्र व्यापार को नई उड़ान देने की तैयारी, निवेश बढ़ाने पर भी जोर
काहिराः भारत और मिस्र के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने और निवेश के नए रास्ते खोलने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत मिस्र के साथ व्यापार बढ़ाने के साथ ही भारतीय वस्तुओं और सेवाओं के लिए वहां बाजार पहुंच आसान बनाना चाहता है। इसके अलावा मिस्र के उत्पादों और निवेश को भी भारतीय बाजार में प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
काहिरा में मिस्र स्थित भारतीय समुदाय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गोयल ने कहा कि फिलहाल दोनों देशों के बीच करीब 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हो रहा है। हालांकि, दोनों अर्थव्यवस्थाओं के आकार को देखते हुए यह शुरुआत भर है। उनके मुताबिक भारत और मिस्र के बीच व्यापार विस्तार की संभावनाएं असीमित हैं।
वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने मिस्र को 3.87 अरब डॉलर का निर्यात किया, जबकि वहां से 2.60 अरब डॉलर का आयात हुआ। भारत से मिस्र भेजे जाने वाले प्रमुख उत्पादों में मांस और पॉल्ट्री उत्पाद, पेट्रोलियम पदार्थ, जैविक रसायन, कपास और मशीनरी शामिल हैं। वहीं, भारत मिस्र से मुख्य रूप से कच्चा पेट्रोलियम, उर्वरक, कपास और खनिज पदार्थ मंगाता है।
दोनों देशों के लिए फायदेमंद हो व्यापार
गोयल ने कहा कि भारत मिस्र में निवेश के अवसर तलाश रहा है। साथ ही मिस्र की उन विशेष क्षमताओं वाले क्षेत्रों में भारतीय बाजार के भीतर निवेश आकर्षित करने की भी कोशिश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापार का स्वरूप ऐसा होना चाहिए, जिससे दोनों देशों को लाभ मिले। इसके लिए मौजूदा कारोबारी संबंधों को और व्यापक स्तर पर ले जाने की जरूरत है।
दो दिवसीय मिस्र यात्रा पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री के साथ 132 सदस्यीय भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी गया है। इस दौरान वह मिस्र के कारोबारी समुदाय और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। बैठकों में व्यापार और निवेश के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी।
मिस्र से भारत में निवेश बढ़ाने की गुंजाइश
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अप्रैल 2000 से जून 2026 के बीच मिस्र से भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) महज 1.15 करोड़ डॉलर रहा है। ऐसे में दोनों देशों के बीच निवेश सहयोग को विस्तार देने की काफी संभावनाएं हैं।
गोयल ने कहा कि भारत ने अपने आर्थिक एजेंडे में व्यापार को प्रमुखता दी है। देश वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए अपने बाजार खोल रहा है और मित्र देशों के साथ भारतीय वस्तुओं एवं सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।
कई देशों के साथ व्यापार समझौतों पर काम
गोयल के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में भारत ने मॉरीशस, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ओमान, यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन के साथ व्यापार समझौते लागू किए हैं। यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते पर अगले महीने हस्ताक्षर करने की योजना है।
इसके अलावा कनाडा, चिली, दक्षिण अफ्रीका के नेतृत्व वाले दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ (एसएसीयू), ब्राजील के नेतृत्व वाले दक्षिणी साझा बाजार (मर्कोसुर) और रूस के नेतृत्व वाले यूरेशियाई आर्थिक संघ (ईएईयू) के साथ भी बातचीत चल रही है।
उन्होंने कहा कि इन समझौतों के जरिए भारत को वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 115 लाख करोड़ डॉलर के बाजार में से करीब 85 लाख करोड़ डॉलर के बाजार तक अपने उत्पादों की विशेष रियायती पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान गोयल ने मिस्र में रह रहे भारतीय समुदाय से दोनों देशों के कारोबारियों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए एक व्यावसायिक मार्गदर्शिका तैयार करने का सुझाव भी दिया।



