साइबर संवाद

डबल इंजन सरकार पर प्रियंका का वार, कहा- वादे बड़े-बड़े, जमीनी हकीकत सिर्फ जुमला

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीडिया विभाग की वाइस चेयरमैन प्रियंका गुप्ता ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की योगी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की आम जनता महंगाई से बुरी तरह त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन डबल इंजन की सरकार इस पर रोक लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।

योगी सरकार पूरी तरह संवेदनहीन होकर सिर्फ भाषणों और जुमलों तक सीमित रह गई है। प्रियंका गुप्ता ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में रसोई गैस की कीमतों में 128 प्रतिशत की बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। इतना ही नहीं, पहले साल में मिलने वाले 12 सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलेंडरों की संख्या को घटाकर अब सिर्फ 4 कर दिया गया है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवार इस सब्सिडी के दायरे से पूरी तरह बाहर हो गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भाजपा शासित अन्य राज्यों में सब्सिडी वाले 12 सिलेंडर दिए जा रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश की जनता के साथ ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है?

त्योहारों पर फीकी हुई चीनी की मिठास
कांग्रेस प्रवक्ता ने खाद्यान्न संकट और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि आज बाजार में खाद्य सामग्री की महंगाई दर 7.74 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। त्योहारों के इस मौसम में चीनी 60 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रही है, जिससे आम जनता के लिए त्योहार की मिठास फीकी हो गई है। भाजपा की एक पूर्व मंत्री के पुराने बयान ‘बटन दबाओ-चीनी 13 रुपये किलो पाओ’ पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वह नेता तो अब नौ-दो-ग्यारह हो चुकी हैं, जबकि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के समय सरकारी राशन की दुकानों पर आम जनता को वास्तव में 13 रुपये किलो चीनी मिलती थी। प्रियंका गुप्ता ने कहा कि एक तरफ किसानों के गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ चीनी, प्याज, दूध, नमक और दालों के दाम आसमान छू रहे हैं। दालें, सरसों का तेल और रिफाइंड ऑयल 200 रुपये प्रति किलो के पार जा चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि रसोई के बिगड़ते बजट से नाराज देश की आधी आबादी (महिलाएं) अब भाजपा के बहकावे में नहीं आएंगी और आगामी विधानसभा चुनाव में इस संवेदनहीनता का करारा जवाब देंगी।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777