रेलवे ने अक्टूबर में रचा नया इतिहास : माल ढुलाई में रिकॉर्ड छलांग, एक महीने में 14507 लाख टन माल पहुंचाया
भारतीय रेलवे ने माल ढुलाई और यात्री परिवहन के क्षेत्र में अक्टूबर महीने में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया है। रेलवे ने इस साल अक्टूबर महीने में 14507 लाख टन माल की ढुलाई की है और 64.72 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया है। रेलवे ने बुधवार को बताया कि इस साल अक्टूबर में 14507 लाख टन माल की ढुलाई की है, जो रेलवे द्वारा अब तक एक महीने में की गयी सर्वाधिक माल ढुलाई का रिकॉर्ड है। रेलवे के अनुसार गत वर्ष अक्टूबर में रेलवे ने 13393 लाख टन माल की ढुलाई की थी। इस तरह से गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अक्टूबर महीने 8.32 प्रतिशत अधिक माल की ढुलाई हुई है। इस साल अक्टूबर महीने में कई प्रमुख वस्तुओं की ढुलाई में उत्साहजनक वृद्धि हुई है।
बिजली घरों तक कोयला पहुंचाने में भी रेलवे ने पकड़ी रफ्तार
रेलवे के अनुसार, इस साल अक्टूबर महीने में खाद्यान्न की ढुलाई में 26.3 प्रतिशत, घरेलू कोयले में 16.0 प्रतिशत, अन्य वस्तुओं में 11.0 प्रतिशत, क्लिंकर में 10.4 प्रतिशत, घरेलू कंटेनरों में 6.3 प्रतिशत, लौह अयस्क में 5.0 प्रतिशत, खनिज तेल में 1.9 प्रतिशत और तैयार इस्पात में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। बिजली घरों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए रेलवे ने घरेलू कोयले का परिवहन बढ़ाया। अक्टूबर महीने के दौरान प्रतिदिन औसतन 469.8 रैक कोयले की आपूर्ति की गयी, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने में प्रतिदिन औसतन 393.2 रैक की आपूर्ति की गयी थी।
अप्रैल से अक्टूबर तक माल ढुलाई में 4.67 प्रतिशत की वृद्धि
इस प्रकार कोयले की आपूर्ति में 19.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। अक्टूबर का मजबूत प्रदर्शन वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों (अप्रैल-अक्टूबर) के दौरान दर्ज वृद्धि पर आधारित है। इस अवधि में रेलवे ने 97878 लाख टन माल की ढुलाई की, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 93510 लाख टन माल का परिवहन किया गया था। इस प्रकार माल ढुलाई में 4.67 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।इस साल अक्टूबर में यात्री परिवहन में भी वृद्धि दर्ज की गयी है। रेलवे ने इस साल अक्टूबर महीने में 64.72 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने में 63.52 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की थी।
अक्टूबर में 64.72 करोड़ यात्रियों ने किया रेल सफर
इस साल अप्रैल-अक्टूबर के दौरान रेलवे ने 443.8 करोड़ यात्रियों को परिवहन सुविधा प्रदान की, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 431.4 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की थी। गैर-उपनगरीय यात्री खंड में 4.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी, जबकि उपनगरीय यात्री खंड में 1.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। रेलवे के अनुसार माल ढुलाई में वृद्धि रेलवे की लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत करने और भारत के आर्थिक विकास को समर्थन देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। क्षमता विस्तार और परिचालन दक्षता में सुधार के माध्यम से भारतीय रेलवे अपने परिवहन नेटवर्क को लगातार बेहतर बना रहा है।




