सपा के दोनों उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन, अखिलेश के साथ पहुंचे रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर दी है। सपा उम्मीदवार प्रो. राम गोपाल यादव और रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड के निदेशक धनराज परिमल नथवानी ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान पार्टी के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। दोनों उम्मीदवारों के नामांकन के बाद सपा नेता एसटी हसन ने पार्टी की जीत को लेकर भरोसा जताया।
एसटी हसन ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने तीनों उम्मीदवारों को जिताएगी। उन्होंने कहा, “हमें पूरा आत्मविश्वास है। ये चौंकाने वाले हैं अभी भी और 2027 में भी। हमने NDA से तोड़कर लाया है।” राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर सपा की ओर से उम्मीदवारों के नामांकन के बाद प्रदेश की सियासत में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी अपने तीनों उम्मीदवारों को जिताने के लिए समर्थन जुटाने में लगी है।
राज्यसभा चुनाव में क्या है विधानसभा का गणित?
यूपी विधानसभा की मौजूदा संख्या के आधार पर राज्यसभा चुनाव में हर उम्मीदवार को जीत के लिए प्रथम वरीयता के 37 वोट की जरूरत होगी। राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों के लिए विधायकों का समर्थन जुटाने में लगे हैं। चुनाव में अतिरिक्त वोट और क्रॉस वोटिंग की संभावना को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा है।



