कौन हैं धनराज परिमल नाथवानी? जिन्हें सपा ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार, रिलायंस से खेल प्रशासन तक ऐसा है सफर
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने अनुभवी संसदीय नेता प्रो. रामगोपाल यादव के साथ धनराज परिमल नाथवानी को भी मैदान में उतारा है। दोनों ने बुधवार सुबह विधानसभा परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। नाथवानी का नाम सामने आते ही राजनीतिक हलकों में उनकी प्रोफाइल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। आखिर कौन हैं धनराज परिमल नाथवानी और राजनीति में आने से पहले उनका करियर कैसा रहा है? आइए जानते हैं…
2010 से रिलायंस समूह से जुड़े
धनराज परिमल नाथवानी कॉरपोरेट जगत में लंबे समय से सक्रिय हैं। वह रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं। उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, वर्ष 2010 से वह रिलायंस समूह से अलग-अलग भूमिकाओं में जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने वित्त, लेखा, खरीद, मानव संसाधन, कॉरपोरेट अफेयर्स और सुरक्षा समेत कई गैर-तकनीकी विभागों की जिम्मेदारियां संभाली हैं। नाथवानी रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड के निदेशक भी हैं। यानी उनका पेशेवर अनुभव मुख्य रूप से कॉरपोरेट प्रबंधन और बड़े कारोबारी समूह से जुड़ी जिम्मेदारियों का रहा है।
क्रिकेट से भी है गहरा नाता
धनराज नाथवानी सिर्फ कॉरपोरेट क्षेत्र तक सीमित नहीं रहे। उनका खेल प्रशासन में भी सक्रिय जुड़ाव रहा है। वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के अध्यक्ष हैं। इससे पहले वह एसोसिएशन के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनकी प्रोफाइल के अनुसार, अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट में भी उनकी भूमिका रही है। इसके अलावा वह गुजरात स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
द्वारका देवस्थान समिति से भी जुड़े
नाथवानी का जुड़ाव धार्मिक-सांस्कृतिक संस्थाओं से भी रहा है। वह द्वारका देवस्थान समिति के उपाध्यक्ष हैं। इस तरह उनकी सार्वजनिक प्रोफाइल में कॉरपोरेट जगत के साथ खेल और धार्मिक-सांस्कृतिक संस्थाओं में निभाई गई जिम्मेदारियां भी शामिल हैं।
पिता परिमल नाथवानी भी हैं राज्यसभा सदस्य
धनराज परिमल नाथवानी के परिवार का भी संसद से जुड़ाव रहा है। उनके पिता परिमल नाथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े रहे हैं और राज्यसभा सदस्य भी हैं। धनराज का राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में सामने आना ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया चल रही है।
लंदन से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई
धनराज नाथवानी ने कारोबार और प्रबंधन से जुड़ी शिक्षा हासिल की है। उन्होंने लंदन के रीजेंट्स बिजनेस स्कूल से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है। इसके अलावा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से कॉरपोरेट लॉ और पब्लिक रिलेशंस मैनेजमेंट में विशेषज्ञता के साथ एमबीए किया है।
अखिलेश यादव के साथ दाखिल किया नामांकन
समाजवादी पार्टी ने प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी के नामों की घोषणा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए की। बुधवार को दोनों प्रत्याशियों ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में विधानसभा परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय में नामांकन दाखिल किया।
धनराज नाथवानी के नाम के साथ राज्यसभा चुनाव में सपा की रणनीति का एक ऐसा चेहरा भी सामने आया है, जिसकी पृष्ठभूमि पारंपरिक राजनीति के बजाय कॉरपोरेट जगत, क्रिकेट प्रशासन और सार्वजनिक संस्थाओं में निभाई गई जिम्मेदारियों से जुड़ी रही है।



