फ्लैश न्यूज

भगत सिंह जयंती: PM मोदी और CM योगी ने किया नमन, अखिलेश यादव समेत राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए सोमवार को कहा कि राष्ट्र के सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का उनका जज्बा भारत के युवाओं के लिए साहस और प्रेरणा का प्रतीक बना हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। अपने अदम्य साहस और शौर्य से उन्होंने आजादी के आंदोलन को नयी धार दी।” उन्होंने कहा, ”राष्ट्र के सम्मान के लिए सर्वस्व न्योछावर करने का उनका जज्बा भारत के नौजवानों की हिम्मत और हौसले का प्रतीक है।

स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 को पंजाब के बंगा गांव में हुआ था, जो उस समय भारत के लायलपुर जिले में था। यह स्थान अब पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में फैसलाबाद जिले का हिस्सा है। भगत सिंह को 23 मार्च 1931 को अंग्रेजों ने फांसी दे दी थी।

सीएम योगी ने बताया ‘संकल्प को कर्म से जोड़ने की प्रेरणा’ 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेताओं ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक “एक्स” पर एक पोस्ट में कहा, “देश की आजादी को ही जीवन का एकमात्र लक्ष्य बनाकर अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले अमर क्रांतिकारी भगत सिंह की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।” उन्होंने पोस्ट में आगे कहा, “राष्ट्र के स्वाभिमान और गौरव की रक्षा हेतु उनका साहस, त्याग एवं बलिदान हम सभी के लिए चिरकाल तक प्रेरणापुंज बना रहेगा।

CM योगी आदित्यनाथ ने एक अन्य पोस्ट में प्रदेशवासियों को लिखे एक पत्र को साझा करते हुए कहा, “मात्र 23 वर्ष की अल्पायु में अमर शहीद भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती हम सबके लिए राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है।”

उन्होंने कहा, “आज हमें भी जात-पात, नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों की बेड़ियों से मुक्ति के लिए उनके अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से सीख लेनी होगी। उनके जीवन से हमें ज्ञान को अपनी शक्ति बनाने, सीखने की ललक को जीवित रखने और अपने संकल्प को कर्म से जोड़ने की प्रेरणा लेनी चाहिए।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने “एक्स” पर कहा, “किसी भी व्यक्ति को मारना आसान है लेकिन आप उसके विचारों को नहीं मार सकते…। महान साम्राज्य ध्वस्त हो जाते हैं लेकिन विचार हमेशा जीवित रहते हैं..।” उन्होंने कहा, “महान क्रांतिकारी अमर शहीद भगत सिंह जी की जयंती पर शत-शत नमन!”

सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जी की जयंती पर शत शत नमन।

उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा, “महान क्रांतिकारी एवं भारत माता के वीर सपूत अमर शहीद भगत सिंह जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन!”

मौर्य ने कहा, “अपने अदम्य साहस से ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिलाने वाले अमर शहीद भगत सिंह जी का त्याग और राष्ट्र-प्रेम आज भी देश के करोड़ों युवाओं में देशभक्ति का संचार करता है।”

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपनी पोस्ट में कहा, “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले, युवाओं में क्रांति की ज्वाला जलाने वाले, मां भारती के वीर सपूत अमर बलिदानी सरदार भगत सिंह जी की जयंती पर कोटिशः नमन।

उप्र कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने अपने “एक्स” खाते पर एक पोस्ट में कहा “महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर शत-शत नमन।”

भगत सिंह का जन्म अविभाजित पंजाब के लायलपुर (अब पाकिस्तान) में 28 सितंबर 1907 को हुआ था। वह बहुत छोटी उम्र से ही आजादी की लड़ाई में शामिल हो गए थे और उनकी लोकप्रियता से भयभीत ब्रिटिश सरकार ने उन्हें फांसी पर लटका दिया था।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777