रविवार को खुलेंगे बैंक, 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल; जानें क्या है वजह
बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। 27 सितंबर 2026, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, यह फैसला हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान को कम करने और आम लोगों की जरूरी बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए लिया गया है।
28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यह हड़ताल 26 और 27 सितंबर के सप्ताहांत के तुरंत बाद प्रस्तावित है। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से ग्राहकों, कारोबारियों और सरकारी लेनदेन पर असर पड़ सकता है।
सरकार के मुताबिक, 30 सितंबर को बैंकों का अर्धवार्षिक खाता समापन भी होता है। ऐसे में हड़ताल की अवधि बैंकिंग व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण समय से टकरा रही है।
27 सितंबर को सामान्य रूप से काम करेंगे बैंक
ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने संबंधित बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़े केंद्रों और करेंसी चेस्ट को उस दिन परिचालन में रखने की अनुमति दी है।
इस फैसले से ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था की मांग
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, यूनियनों की ओर से पहले दो प्रमुख मांगें उठाई गई थीं—पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को वापस लेना। सरकार ने PLI योजना को फिलहाल स्थगित रखने का निर्णय लिया है, जबकि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग पर अभी सहमति नहीं बनी है।
सरकारी बयान के मुताबिक, इस मांग को लेकर 11 सितंबर को एक दिन की हड़ताल हो चुकी है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल निर्धारित है। इसके अलावा पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रस्तावित है।
ग्राहकों के लिए क्यों अहम है 27 सितंबर?
27 सितंबर को बैंक खुले रखने का फैसला ऐसे समय किया गया है जब हड़ताल और सप्ताहांत को मिलाकर बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की आशंका थी। सरकार ने कहा है कि ग्राहकों की सुविधा और बैंकिंग सेवाओं की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।



