
योगी सरकार पर बरसे अखिलेश, कहा- इनका विकास नाम बदलना और रंग बदलना है
आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। वह योगी सरकार पर भी वह जबरदस्त तरीके से हमलावर हैं। इन सबके बीच आज एक बार फिर से अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पर बड़ा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि ये सरकार विकास को पीछे कर रही है। इनका विकास नाम बदलना और रंग बदलना है। जहां भी जाते हैं वहां नाम बदल देते हैं। अच्छा हुआ कि वो चिरगांव नहीं आए। अगर बाबा मुख्यमंत्री यहां आए होते तो हो सकता है कि यहां का भी नया नाम रख देते।
झांसी में अखिलेश यादव ने कहा कि नाम बदलने में अगर कोई विश्व रिकॉर्ड बना रहा है। तो हमारे बाबा मुख्यमंत्री बना रहे हैं। नाम बदलने वाले जो बैठे है। बाबा मुख्यमंत्री इस बार नौजवानों ने मन बनाया है। सरकार बदल देंगे। उन्होंने कहा कि हम आपसे निवेदन करते हैं। कि आने वाले समय में साइकिल की मदद करना क्योंकि यह जो साइकिल है। ना इसे डीजल की जरूरत है। ना पेट्रोल की जरूरत है। जितना पेडल मारोगे उतनी तेज रफ्तार साइकिल पकड़ लेगी। एक टेक्नॉलॉजी के साथ जो परिवर्तन आना चाहिए वह परिवर्तन ला कर हम अपने नौजवानों और किसानों का भविष्य बनाने का काम करेंगे।
सपा प्रमुख ने कहा कि हम आपसे जानना चाहते हैं। आप योगी सरकार चाहते हो या योग्य सरकार चाहते हो? मेरी नौजवानों से अपील है कि यह आपके भविष्य का चुनाव है। टीईटी परीक्षा पेपर लीक मामला उठाते हुए उन्होंने कहा कि जो पकड़ा गया है। वह CM के गृह जनपद गोरखपुर का है। अब तो UP के नौजवान इंतजार कर रहे हैं। क्या बेरोजगारी पर बुलडोजर चलेगा कि नहीं चलेगा? सपा के लोग बड़े सपने देखते हैं। इसलिए आपके झांसी में सैनिक स्कूल बना है।500 बेड हॉस्पिटल बना है। फ्लाईओवर समाजवादियों द्वारा बनाया गया है। जिसका नाम उन्होंने अपने नाम कर लिया।