
मुंबई के पूर्व क्रिकेटर मेहली ईरानी का निधन
मुंबई – मुंबई के पूर्व क्रिकेटर और ‘कांगा लीग’ के बड़े खिलाड़ी रहे मेहली ईरानी का दुबई में निधन हो गया। वह 90 साल के थे।
मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के शीर्ष समिति के सदस्य और प्रख्यात क्यूरेटर नदीम मेनन ने सोमवार को एक न्यूज एजेंसी को बताया कि ईरानी का शनिवार को दुबई में निधन हो गया और उसके एक दिन बाद वही पर अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
बाएं हाथ के बल्लेबाज और विकेटकीपर, ईरानी ने लगभग 50 साल तक कांगा लीग में भाग लिया। उन्होंने क्लब स्तर पर बॉम्बे जिमखाना और पारसी साइक्लिस्ट का प्रतिनिधित्व किया था। बता दें कि मुंबई के लिए उन्होंने कुल चार फर्स्ट क्लास मैच खेले और 19.80 की औसत के साथ छह पारियों में 99 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी देखने को मिला।
नारी कॉन्ट्रैक्टर, फारूख इंजीनियर, करसन घावरी और गुलाम पारकर जैसे टेस्ट खिलाड़ियों ने पारसी साइक्लिस्ट्स टीम में ईरानी की कप्तान में खेला था।
ईरानी के साथ खेलने वाले पूर्व भारतीय कप्तान कॉन्ट्रैक्टर ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह एक अच्छे क्रिकेटर थे।