पश्चिम बंगाल

ममता बनर्जी ने बंगाल के पर्यटकों की मौत पर जताया दुख

कोलकाता – ओडिशा के गंजाम जिले में पश्चिम बंगाल के छह पर्यटकों की सड़क दुर्घटना में मौत पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य प्रशासन शवों के त्वरित पोस्टमॉर्टम और हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज के लिए ओडिशा के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

बनर्जी ने यह भी कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन मामलों के प्रधान सचिव एवं उदयनारायणपुर के विधायक के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय दल घायलों को राज्य वापस लाने में मदद के लिए ओडिशा जा रहा है।

उन्होंने ट्वीट किया, यह जानकर दुख हुआ कि सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के हमारे छह लोगों की मौत हो गई। जबकि कुछ अन्य लोग आघात से जूझ रहे हैं। हादसा ओडिशा के गंजाम जिले में आज तड़के तब हुआ जब वे किराए की एक बस में विजाग जा रहे थे।

गंजाम जिले के भंजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गाप्रसाद गांव के पास कलिंग घाट क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक पर्यटक बस के पलट जाने से चार महिलाओं समेत बंगाल के कम से कम छह पर्यटकों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल से करीब 65 पर्यटकों को लेकर पर्यटक बस कंधमाल जिले के दरिंगीबंदी से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम की ओर जा रही थी।

बनर्जी ने कहा, हमारा प्रशासन मृतकों के शीघ्र पोस्टमॉर्टम, घायलों के इलाज और उनकी वापसी के लिए ओडिशा के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। प्रधान सचिव, आपदा प्रबंधन एवं उदयनारायणपुर के विधायक के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय टीम को ओडिशा भेजा जा रहा है। बनर्जी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि घायलों की हरसंभव मदद की जाएगी।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777