उत्तर प्रदेशभारतराष्ट्रीय

बसपा सरकार में रखी गई थी जेवर एयरपोर्ट की नींव, बोलीं मायावती- कांग्रेस सरकार लगा रही थी रोड़ा

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को दावा किया कि जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सभी जरूरी बुनियादी कार्य उनकी सरकार में ही शुरू हो गए थे। बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को अपने आधिकारिक “एक्स” हैंडल से एक लंबी पोस्ट में कहा “काफी लम्बे इंतज़ार के बाद जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के प्रथम चरण का कल उद्घाटन हुआ जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी ज़रूरी बुनियादी कार्य बसपा की मेरी सरकार में ही शुरू हो गये थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन किया। लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण के उद्घाटन के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, “नोएडा हवाई अड्डे को अटल जी (पूर्व प्रधानमंत्री) की सरकार ने 2003 में मंजूरी दे दी थी लेकिन यह नहीं बना। केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहले की सरकारों ने वर्षों तक इस हवाई अड्डे की नींव तक नहीं पड़ने दी।

मोदी ने कहा था, “2004 से 2014 तक हवाई अड्डे की फाइलें दबी रहीं। हमारी सरकार बनी तो उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार थी। दो तीन साल सपा ने काम नहीं होने दिया लेकिन जैसे ही दिल्‍ली और उत्तर प्रदेश में भाजपा-राजग की सरकार बनी तो हवाई अड्डे की नींव पड़ी और अब निर्माण भी हो गया है।” मायावती ने इस हवाई अड्डे के बुनियादी कार्य अपनी सरकार में होने का दावा करते हुए पोस्ट में आगे कहा “इतना ही नहीं बल्कि उस समय केन्द्र में रही कांग्रेस पार्टी की सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह, काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता।”

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा, “जहाँ तक सपा सरकार का सवाल है तो इनका ज़्यादातर समय बसपा सरकार द्वारा समाज के कमज़ोर तबक़ों के हित, कल्याण व उनके उत्थान हेतु लिये गये ऐतिहासिक फैसलों व किये गये महत्वपूर्ण कार्यों को निष्क्रिय बनाने में बीता।” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा जातिवादी व राजनीतिक द्वेष में ही ज़्यादातर समय लगी रही, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है। उन्होंने आगाह करते हुए कहा, “इन सबके मद्देनज़र उप्र की जनता से अपील है कि वे विरोधी पार्टियों की छलावापूर्ण राजनीति व बहकावे में ना आकर बसपा के ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त में विश्वास रखते हुये अपने व प्रदेश के विकास हेतु बसपा आयरन नेतृत्व पर ही भरोसा करें।

मायावती ने पोस्ट में सवाल उठाते हुए कहा कि इसके साथ ही, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग से पीठ व उनके लिये अलग से प्रदेश बनाने का सपना ना जाने कब पूरा होगा? उल्लेखनीय है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय की एक खंडपीठ और अलग राज्य बनाने की मांग अरसे से की जा रही है।

राज्‍यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button