
अमरनाथ यात्रा जाने वालों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं
28 जून से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा 2021 में शिव भक्तों के लिए उचित प्रबंधों को प्रदेश प्रशासन ने 11 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाई है। यात्रा के लिए नोडल विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे पर्यटन विभाग को संबंधित विभागों के साथ मिलकर यात्रा की आवश्यक कार्य योजना वित्त विभाग को भेजने को कहा गया है।
वित्त विभाग के वित्तीय आयुक्त अरुण कुमार मेहता ने एक आदेश जारी कर संबंधित विभागों से अमरनाथ यात्रा के लिए समय पूर्व सभी इंतजामों को सुनिश्चित बनाने को कहा है। अमरनाथ यात्रा के सुचारु संचालन के लिए उक्त राशि नए चालू वित्त वर्ष से उपलब्ध करवाई गई है। इस धनराशि का उपयोग नियमों के तहत किया जाएगा। बजट में उपलब्ध धनराशि के तहत ही कार्य करवाए जाएंगे।
इन कार्यों के लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड और वित्त विभाग से मंजूरी लेनी होगी। इस साल यात्रा में अनुमानित 6 लाख यात्रियों के आने की उम्मीद है। हालांकि देशभर में कोविड की दूसरी लहर को देखते हुए कई चुनौतियां भी हैं। यात्रा के लिए अग्रिम यात्री पंजीकरण को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह है। विभिन्न बैंक शाखाओं में रोजाना बड़ी संख्या में पंजीकरण के लिए यात्री पहुंच रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर ने बुधवार को नुनवान बेस कैंप, पहलगाम का दौरा कर श्री अमरनाथ यात्रा 2021 के सुचारू संचालन के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लिया।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए आधार शिविर के साथ ट्रैक मार्ग पर तीर्थ यात्रियों के लिए सभी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। स्वच्छ शौचालय सुविधाओं को सुनिश्चित बनाया जाएगा। ठोस कचरा निपटान प्रबंधन पर काम किया जाएगा। तीर्थ यात्रियों के लिए लंगर सेवाओं, बिस्तर, तंबू सेवा आदि में गुणवत्ता को सुनिश्चित बनाया जाएगा।