यूपी में 1.28 लाख शिक्षामित्रों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, बढ़े मानदेय के लिए 460.23 करोड़ जारी
योगी सरकार ने प्रदेश के करीब 1.28 लाख शिक्षामित्रों को बड़ी राहत देते हुए बढे हुए मानदेय की धनराशि जारी कर दी है। समग्र शिक्षा के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 में कार्यरत 1,27,841 शिक्षामित्रों के सितंबर और अक्टूबर के मानदेय के लिए 460.23 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अब शिक्षामित्रों को 10 हजार रुपये के बजाय 18 हजार प्रतिमाह की बढ़ी दर से मानदेय मिलेगा।
सितंबर के लिए 230.11 करोड़ और अक्टूबर के लिए भी ₹230.11 करोड़ का प्रावधान किया गया है। संबंधित जनपदों को आवंटित धनराशि के अनुसार मानदेय भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। योगी सरकार ने शिक्षामित्रों के मानदेय में 8 हजार प्रतिमाह की वृद्धि की है। इससे मासिक मानदेय 10 हजार से बढ़कर 18 हजार हो गया है। यानी मानदेय में 80 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ी दर से भुगतान होने से शिक्षामित्रों को प्रतिमाह अतिरिक्त आर्थिक संबल मिलेगा।
जनपदवार आवंटित हुई धनराशि
शासन की ओर से दोनों महीनों के मानदेय के लिए जनपदवार धनराशि निर्धारित की गई है। संबंधित अधिकारियों को आवंटित बजट के अनुरूप भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि मानदेय में वृद्धि से शिक्षामित्रों को आर्थिक राहत मिलने के साथ वे विद्यालयों में अपने दायित्वों का और प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
“शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि कर सरकार ने उनके आर्थिक हितों को मजबूती दी है। सितंबर और अक्टूबर के लिए ₹460.23 करोड़ जारी होना शिक्षामित्रों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
संदीप सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा



