पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की कीमतों ने बिगाड़ा सेंटिमेंट, सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम
भारतीय घरेलू शेयर बाजार के लिए मंगलवार का दिन भारी बिकवाली के साथ शुरू हुआ। वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया (West Asia) में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों ने निवेशकों की धारणा को बुरी तरह प्रभावित किया है। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही प्रमुख सूचकांक लाल निशान में गोता लगाने लगे। साथ ही विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी बाजारों को कमजोर किया। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 525.44 अंक टूटकर 75,489.84 अंक जबकि एनएसई निफ्टी 164.5 अंक फिसलकर 23,651.35 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, अदाणी पोर्ट्स और बजाज फिनसर्व के शेयर नुकसान में रहे। वहीं भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर में तेजी दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में जबकि जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग बढ़त में रहे।
अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.93 प्रतिशत की तेजी के साथ 105.2 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 8,437 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स सोमवार को 1.70 प्रतिशत और निफ्टी 1.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।



