UP News : चंदौली पुलिस का एतिहासिक रिकॉर्ड, सभी 16 थानों को मिला आईएसओ एवं आईएस प्रमाणपत्र
उत्तर प्रदेश के चंदौली पुलिस के हक में एतिहासिक रिकॉर्ड आया है। इस जिले के समस्त 16 थानों को आईएसओ एवं आईएस प्रमाणन प्राप्त हुआ है। भारतीय मानक ब्यूरो की उपनिदेशक स्नेहलता की ओर से यूपी के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण को यह प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। यही नहीं आजमगढ़ जीआरपी को भी अंतर्राष्ट्रीय प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। डीजीपी ने चंदौली पुलिस और जीआरपी आजमगढ़ को बधाई दी है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश में पहली बार किसी जनपद के सभी पुलिस थानों को एक साथ प्रमाणन प्राप्त हुआ है। कहा कि वर्तमान पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल एवं आदित्य लांग्हे पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद (पूर्व पुलिस अधीक्षक चंदौली) के मार्गदर्शन में जनपद के सभी पुलिस थानों में मानकीकृत प्रक्रियाओं को लागू करने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, अभिलेख प्रबंधन को व्यवस्थित बनाने, जनसुविधाओं में सुधार करने तथा सेवा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित करने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया।



