UP में 1272 राजकीय नलकूप पानी देने से लाचार
लखनऊ, । केन्द्र की मोदी एवं प्रदेश की योगी सरकार किसानां के हित में बडे़-बडे़ दावे करते नहीं अघाती है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने तो अगले पांच सालों यानी 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है। वहीं UP में योगी सरकार ने हर खेत तक पानी पहुंचाने का संकल्प लिया है। लेकिन प्रदेश में 1,272 राजकीय नलकूप पानी देने में असहाय है। प्रदेश सरकार भी इन खराब नलकूपों को चलाने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रही है।
मालूम हो कि प्रदेश के सिचाई मंत्री धर्मपाल सिंह बार-बार दावा करते हैं कि हम हर किसान के खेत तक पानी पहुंचायेंगे। इसके लिए नहरों की सफाई एव नलकूपों को दुरूस्त किया जायेगा। जनकारी के अनुसार प्रदेश में सिंचाई के लिए नहरों के अलावा 33,375 राजकीय नलकूप हैं। इसमें से 25,205 नलकूप डेढ़ क्यूसेक क्षमता से तथा 8,170 नलकूप एक क्यूसेक की क्षमता से पानी दे रहे हैं।
वहीं बीते वित्तीय वर्ष 2016-17 से ही प्रदेश के 1272 नलकूप खराब चल रहे हैं। इसमें से 514 नलकूप यांत्रिक दोष तथा 758 नलकूप विद्युत दोष के कारण पानी देने में असहाय है। वहीं सिंचाई मंत्री ने बताया कि इन खराब नलकूपों को ठीक कराने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने यह जानकारी कांग्रेस एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह के एक प्रश्न के उत्तर में दी थी।