
मुख्यमंत्री ने जी0पी0ओ0 स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क में प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां जी0पी0ओ0 स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया। इसके पूर्व, उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज विश्व शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयन्ती और प्रधानमंत्री जी का जन्मदिन भी है। आज अनन्त चतुर्दशी के पावन कार्यक्रम के साथ ही, गणपति पूजन का समारोह भी सम्पन्न हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शून्य से शिखर की यात्रा प्रधानमंत्री जी के जीवन का सार है। उन्होंने संघर्षों से आगे बढ़कर अपना एक मार्ग बनाया है। शुचिता, कर्मठता एवं ईमानदारी, राष्ट्र के प्रति प्रेम एवं सम्पूर्ण समर्पण का भाव उनके जीवन का हिस्सा है।
उन्होंने अपना सब कुछ भारत माता के चरणों में समर्पित किया है। विगत 10 वर्षों में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। एक ऐसा भारत, जो आज अपनी आस्था का सम्मान कर रहा है और दुनिया में एक बड़ी ताकत के रूप में उभर कर विश्व का मार्गदर्शन भी कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में विरासत और विकास की यात्रा एक साथ आगे बढ़ रही है। साथ ही, भारत की 140 करोड़ जनता की आशा और आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। विगत 10 वर्षों में हमने नये भारत का दर्शन किया है। इस भारत में प्रधानमंत्री जी जैसे सारथी के रूप में एक विकसित भारत की संकल्पना के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।