राज्य

होली-दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर, अग्निवीरों को आरक्षण; योगी सरकार के 39 फैसलों में क्या-क्या खास?

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में 39 प्रस्तावों पर मुहर लगाई। इनमें नोएडा के जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने, होली और दिवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने तथा अग्निवीरों को प्रदेश के चार विभागों में भर्ती के दौरान आरक्षण और आयु सीमा में छूट देने जैसे अहम फैसले शामिल हैं।

इसके अलावा धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने, मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करने और नगरीय परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1,725 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने की घोषणा की। इसके बाद संबंधित विभागों के मंत्रियों और अधिकारियों ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। बैठक में कृषि, खाद्य एवं रसद, परिवहन और नगरीय विकास समेत विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

अग्निवीरों को चार विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि अग्निवीरों को प्रदेश के पुलिस, वन, कारागार और परिवहन विभागों में भर्ती के दौरान राहत देने के लिए संबंधित नियमावलियों में संशोधन किया गया है। इन विभागों में सिपाही पदों पर भर्ती के लिए अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि अग्निवीरों को आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट दी जाएगी। इससे उन्हें 25 वर्ष के बजाय 28 वर्ष की उम्र तक भर्ती का अवसर मिल सकेगा। साथ ही उन्हें लिखित और शारीरिक परीक्षा से छूट देने का प्रावधान किया गया है। चयन प्रक्रिया में उन्हें केवल मेडिकल फिटनेस की प्रक्रिया से गुजरना होगा। मंत्री ने कहा कि अग्निवीर पहले ही चयन के दौरान लिखित और शारीरिक परीक्षाएं पास कर चुके होते हैं, इसलिए उन्हें दोबारा इन परीक्षाओं से राहत देने का फैसला किया गया है।

पिछले साल से तीन लाख टन अधिक धान खरीद का लक्ष्य

खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष में धान खरीद का लक्ष्य 65 लाख टन निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष 62 लाख टन धान की खरीद हुई थी। इस बार खरीद का लक्ष्य तीन लाख टन बढ़ाया गया है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान की खरीद 15 अक्टूबर से 15 फरवरी 2027 तक होगी, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक नवंबर से 28 फरवरी 2027 तक खरीद की जाएगी। धान खरीद के लिए बोरों की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है। कैबिनेट ने मक्का के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को भी मंजूरी दी है। इस बार मक्का का खरीद मूल्य 2,410 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 10 रुपये अधिक है।

होली-दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर के लिए 2,142 करोड़ रुपये

योगी कैबिनेट ने होली और दिवाली पर पात्र लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगा दी। खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि इस योजना के लिए 2,142 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। उन्होंने कहा कि एलपीजी के इस्तेमाल से ग्रामीण क्षेत्रों में लकड़ी और अन्य पारंपरिक ईंधनों से निकलने वाले धुएं के दुष्प्रभाव कम करने में मदद मिलती है। सरकार का प्रयास है कि त्योहारों के अवसर पर लाभार्थियों को समय से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।

18 नगर निगम क्षेत्रों में चलेंगी 1,725 नई इलेक्ट्रिक बसें

ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि नगरीय परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश के 18 नगर निगम क्षेत्रों में 1,725 नई इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इससे शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि बसों की खरीद के लिए नीति तैयार की गई है। टेंडर प्रक्रिया में सबसे कम दर देने वाली कंपनी (एल-1) से 50 प्रतिशत बसें खरीदी जाएंगी। शेष बसें उत्तर प्रदेश में बस निर्माण करने वाली कंपनी से खरीदने की व्यवस्था की जाएगी।

एक बैठक में 39 प्रस्तावों को मंजूरी

योगी कैबिनेट की बैठक में कुल 39 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन फैसलों में जेवर एयरपोर्ट का नामकरण, अग्निवीरों के लिए भर्ती में आरक्षण, त्योहारों पर मुफ्त गैस सिलेंडर, धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने, मक्का के एमएसपी में वृद्धि और इलेक्ट्रिक बसों की खरीद जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे। सरकार के इन फैसलों का असर भर्ती प्रक्रिया, किसानों की उपज की खरीद और शहरी परिवहन व्यवस्था पर पड़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777