
राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.39 लाख से अधिक मामले निस्तारित, वसूली गई 19.64 करोड़ की धनराशि
जिला कचहरी में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। इस दौरान एक लाख से अधिक मामलों का निस्तारण करते हुए 19 करोड़ की धनराशि वसूली गई। जिला जज ने पौधरोपण करने के साथ ही पिंक शौचालय का उद्घाटन भी किया।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश प्रतिमा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। इस अवसर पर मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय सत्यदेव गुप्ता, एडीजे प्रथम विनय कुमार सिंह, नोडल अधिकारी प्रण विजय सिंह, अपर जिलाधिकारी इन्द्रसेन, क्षेत्राधिकारी नगर सुमित त्रिपाठी आदि न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी प्रण विजय सिंह ने बताया कि लोक अदालत में कुल 1,39,389 मामलों का निस्तारण कर 19,64,34,887 रुपये की धनराशि अर्थदंड और प्रतिकर स्वरूप वसूली गई। सिविल कोर्ट द्वारा 22,326 मामलों का निस्तारण कर 26,16,80,77 रुपये वसूले गए। वहीं प्री-लिटिगेशन स्तर पर 1,17,063 मामलों के निस्तारण से 17,02,66,810 रुपये की वसूली हुई। अलग-अलग न्यायालयों द्वारा किए गए निस्तारण के क्रम में जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव द्वारा एक वाद, प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय सत्यदेव गुप्ता द्वारा 41, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण द्वारा 15 वादों में 11,28,000/- प्रतिकर के अलावा विभिन्न एडीजे एवं विशेष न्यायालयों द्वारा सैकड़ों वादों का निस्तारण किया गया।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सुधा सिंह ने सर्वाधिक 8,287 वादों का निस्तारण किया। अन्य न्यायिक अधिकारियों रूचि तिवारी 2,817, दिवाकर कुमार 1,219, उज्ज्वल उपाध्याय 1,612, सक्षम द्विवेदी 1,025 एवं अन्य कई मजिस्ट्रेटों द्वारा भी बड़ी संख्या में मामलों का समाधान किया गया। बैंकों के एनपीए खातों से संबंधित 965 मामलों में 71.57 करोड़ की वसूली की गई, जिसमें बैंक ऑफ इंडिया, यूपी ग्रामीण बैंक, पीएनबी, स्टेट बैंक आदि शामिल रहे। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्साधिकारी विभाग द्वारा 18,472, मनरेगा से 24,657, विद्युत विभाग से 286, समाज कल्याण, पशुपालन, डाक, दूरसंचार, श्रम आदि विभागों से हजारों मामलों का निस्तारण किया गया। अंत में न्यायालय परिसर और एडीआर भवन में वृक्षारोपण तथा पिंक शौचालय का उद्घाटन जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव ने किया।