मायावती ने ईशान को दी बड़ी जिम्मेदारी… मिशन-2027 पर मंथन
लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने बुधवार को बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया। लखनऊ में हुई पार्टी की अहम बैठक में मायावती ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने का ऐलान किया।
ईशान आनंद को फिलहाल राज्यों के संगठनात्मक कामकाज की जिम्मेदारी नहीं दी गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजाराम और रामजी गौतम उन्हें संगठन के कामकाज की जानकारी देंगे और राजनीतिक-संगठनात्मक गतिविधियों से परिचित कराएंगे।
बैठक से पहले मायावती के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
लखनऊ में बसपा की बैठक शुरू होने से पहले ईशान आनंद ने मायावती के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। उनकी यह तस्वीर सामने आने के बाद ही पार्टी में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा तेज हो गई थी।
बैठक में मायावती के साथ उनके भाई और बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार तथा ईशान आनंद की मौजूदगी भी चर्चा में रही।
आकाश आनंद के बाद ईशान को बड़ी जिम्मेदारी
ईशान को यह जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है जब मायावती ने अपने बड़े भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया है। इससे पहले आकाश को राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाया गया था। अब पार्टी संगठन में ईशान को नई जिम्मेदारी देने का फैसला किया गया है।
मायावती ने इससे पहले कहा था कि उनके छोटे भाई आनंद कुमार के बच्चों में ईशान आनंद को ही पार्टी में जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि आकाश आनंद और उनकी बहन दीपिका को संगठनात्मक जिम्मेदारियों से दूर रखा जाएगा।
मिशन-2027 पर बसपा का फोकस
लखनऊ में आयोजित बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हो रही है। पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश अध्यक्षों के साथ संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के साथ अब बसपा संगठन में उनकी भूमिका और आगे की जिम्मेदारियों पर भी नजर रहेगी।



