यूपी में माफिया खत्म, अब निवेश का माहौल : UPITS में अमित शाह बोले- कानून व्यवस्था से लेकर औद्योगिक नीति तक चारों चीजें मौजूद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। पांच दिवसीय यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक चलेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और निवेश के माहौल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में माफिया का शासन चलता था। वर्ष 2017 में भाजपा की सरकार बनने और योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रदेश में माफिया को खत्म करने का काम किया गया।
निवेश के लिए बताईं चार जरूरी शर्तें
अमित शाह ने कहा कि निवेश के लिए सबसे पहली प्राथमिकता अच्छी कानून-व्यवस्था है। इसके अलावा अनुकूल औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और निवेशकों की मदद करने का उत्साह भी जरूरी है। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में ये चारों चीजें मौजूद हैं, इसलिए प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बेहतर होने से उद्योग और कारोबार के लिए भरोसे का वातावरण तैयार होता है। इसी के साथ सरकार की नीतियां और निवेशकों को मिलने वाली सहायता भी औद्योगिक गतिविधियों को गति देती हैं।
85 देशों से खरीदार, 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक
UPITS 2026 में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के उत्पादों और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों और 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।



