
इजरायल ने ईरान के दो न्यूक्लियर साइट समेत कई मिलिट्री ठिकानों को बनाया निशाना, तेहरान में हुए कई विस्फोट, आपातकाल घोषित
इजरायल ने ईरान पर बड़ा हमला किया, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को दावा किया कि नतांज स्थित ईरान के मुख्य संवर्धन केंद्र सहित अन्य ठिकानों पर हमला किया गया है। नेतन्याहू ने शुक्रवार सुबह एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘ कुछ ही समय पहले इजराइल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ शुरू किया है जो इजराइल के अस्तित्व के लिए ईरानी खतरे को खत्म करने के वास्ते एक लक्षित सैन्य अभियान है। खतरे के समाप्त होने तक यह अभियान जारी रहेगा।
इजराइल के प्रधानमंत्री ने दावा किया, दशकों से तेहरान के तानाशाह खुलेआम इजराइल के विनाश की बातें करते रहे हैं। उन्होंने जनसंहार के अपने बयानों के साथ ही परमाणु हथियार विकसित करने का कार्यक्रम भी संचालित किया। ईरान ने नौ परमाणु बम बनाने के लिए पर्याप्त उच्च-संवर्धित यूरेनियम का हाल के वर्षों में उत्पादन किया है।
नेतन्याहू ने कहा, ‘‘हाल के महीनों में ईरान ने ऐसे कदम उठाए हैं जो उसने पहले कभी नहीं उठाए। जैसे संवर्धित यूरेनियम से हथियार बनाने का कदम, और अगर इसे नहीं रोका गया तो ईरान बहुत कम समय में परमाणु हथियार बना सकता है। यह एक साल में हो सकता है, यह कुछ महीनों में हो सकता है, या एक साल से भी कम समय में हो सकता है। यह इजराइल के अस्तित्व के लिए एक स्पष्ट खतरा है।’’ नेतन्याहू ने कहा कि उनका देश ईरानी शासन के परमाणु जनसंहार का शिकार नहीं बनेगा। इजराइल ने पूरे देश में विशेष आपातकाल की घोषणा कर दी है।
अमेरिका की प्रतिक्रिया
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि इजरायल ने इस हमले को आत्मरक्षा के लिए जरूरी बताया और अमेरिका को पहले सूचित किया था। हालांकि, अमेरिका इस ऑपरेशन में शामिल नहीं है और उसकी प्राथमिकता क्षेत्र में तैनात अपने सैनिकों की सुरक्षा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान को अमेरिकी कर्मियों को निशाना नहीं बनाना चाहिए। यह पहली बार है जब अमेरिका ने इजरायली कार्रवाई से खुद को स्पष्ट रूप से अलग किया, लेकिन रणनीतिक समर्थन और सतर्कता की बात भी की।