भारत की कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन, दक्षिण कोरिया को 63-31 से रौंदा; क्रिकेट में फाइनल की जंग, तलवारबाजी में नॉकआउट एंट्री
आइची-नागोया । एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों का अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। भारत ने मंगलवार सुबह टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में ग्रुप ‘ए’ के अपने दूसरे मैच में दक्षिण कोरिया पर 63-31 की शानदार जीत के साथ 2026 एशियाई खेलों में अपना अजेय क्रम जारी रखा। कप्तान सुनील कुमार की टीम, जिसके कई रेडर और डिफेंडर प्रो कबड्डी लीग के जाने-माने खिलाड़ी हैं, मैच पर शुरू से ही पकड़ बना ली और उसे कभी हाथ से नहीं जाने दिया।
वहीं, दूसरी तरफ क्रिकेट में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जबकि तलवारबाजी में हेमाश सनासाम और सचिन ने पुरुष फॉइल व्यक्तिगत स्पर्धा के अंतिम-32 दौर में जगह बनाई। वहीं, कराटे में भारत के चेतन भट्ट को कांस्य पदक के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
पहले हाफ से ही भारत ने बनाई मजबूत पकड़
भारतीय रेडिंग यूनिट पूरे मैच के दौरान बेहतरीन रही और कोरिया के 23 पॉइंट्स के मुकाबले 38 ‘आउट पॉइंट्स’ हासिल किए, जबकि डिफेंस ने कई सफल टैकल के साथ उनका साथ दिया और बार-बार कोरिया की आक्रामक लय को रोका।
हाफटाइम तक भारत ने 34-14 की बढ़त बना ली थी। यह बढ़त पहले हाफ में ही 23 ‘आउट पॉइंट्स’ और सात बोनस पॉइंट्स के साथ-साथ दो ‘ऑल-आउट’ के दम पर मिली थी, जिनका कोरिया के पास कोई जवाब नहीं था।
दूसरे हाफ में भी जारी रहा दबदबा
कोरिया के रेडर्स भारतीय डिफेंस लाइन में जगह बनाने के लिए संघर्ष करते रहे और ब्रेक से पहले केवल 10 ‘टच पॉइंट्स’ ही हासिल कर पाए। दूसरे हाफ में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जिसमें कोरिया ने थोड़ी और टक्कर दी लेकिन कभी भी वापसी की उम्मीद नहीं जगा पाई।
मैच दोबारा शुरू होने के बाद भारत ने 29 और पॉइंट्स जोड़े, एक और ‘ऑल-आउट’ किया और मैच में अपने बोनस पॉइंट्स की संख्या 17 तक पहुँचा दी, जबकि कोरिया ने 17 पॉइंट्स हासिल किए, लेकिन यह अंतर को कम करने के लिए काफी नहीं था।
लगातार दूसरी जीत से बढ़ा आत्मविश्वास
इस जीत के साथ, भारत ग्रुप ‘ए’ में शीर्ष पर रहने की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है, क्योंकि उसने लगातार मैचों में मेजबान जापान और कोरिया को हराया है। पुरुष टीम अब ग्रुप ए के अगले मैच में 23 सितंबर को बंगलादेश का सामना करेगी।
महिला क्रिकेट टीम की खिताब पर नजर
भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स की क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर यह निर्णय लिया। भारत की बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा पर खास नजरें रहीं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मुकाबले में अपना पहला टी-20 शतक जड़ा था। स्मृति मंधाना और शेफाली की मौजूदगी से भारतीय टीम के शीर्ष क्रम को मजबूती मिली। गेंदबाजी में श्री चरणी ने लगातार विकेट लेकर प्रभावित किया है और टीम के अन्य गेंदबाजों ने भी उनका अच्छा साथ दिया है। भारत ने टूर्नामेंट में जापान और बांग्लादेश के खिलाफ आसान जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई है।
भारत और श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, गुनालन कामलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़।
श्रीलंका: इमेशा दुलानी, चामरी अटापट्टू (कप्तान), हासिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुदी प्रबोदा और सुगंधिका कुमारी।
तलवारबाजी में अंतिम-32 में हेमाश और सचिन
पुरुष फॉइल व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के हेमाश सनासाम और सचिन ने अपने-अपने पूल में तीन-तीन जीत दर्ज कर नॉकआउट दौर में प्रवेश किया। दोनों खिलाड़ियों ने पांच मुकाबलों में तीन जीत और दो हार के साथ अंतिम-32 में जगह बनाई। हेमाश अब अंतिम-32 के मुकाबले में कजाखस्तान के गालिम नुरुमोव से भिड़ेंगे। वहीं, सचिन का सामना कजाखस्तान के तिमोफे सेम्योनोव से होगा। हेमाश ने पूल चरण में जापान के ईमुरा काजुकी, फिलीपींस के सैमुएल ट्रैंक्विलान और ओमान के सईद अल शुऐबी को हराया। उन्हें सिंगापुर और मकाऊ के खिलाड़ियों के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। सचिन ने पाकिस्तान के बरयाल खान, कजाखस्तान के गालिम नुरुमोव और मंगोलिया के चिंगिस नारमंदाख को हराया, जबकि चीनी ताइपे और दक्षिण कोरिया के खिलाड़ियों के खिलाफ उन्हें हार मिली।
कराटे में चेतन भट्ट का पदक से चूका निशाना
कराटे के पुरुष 84 किग्रा कुमिते वर्ग में भारत के चेतन भट्ट कांस्य पदक हासिल नहीं कर सके। कांस्य पदक मुकाबले में उन्हें चीनी ताइपे के मेंग यू चुंग के खिलाफ 1-1 की बराबरी के बाद ‘सेनशु’ नियम के आधार पर हार मिली। दोनों खिलाड़ियों ने एक-एक युको अंक हासिल किया, लेकिन चुंग ने मुकाबले का पहला अंक बनाया था। इसी वजह से उन्हें सेनशु के आधार पर विजेता घोषित किया गया। इससे पहले सेमीफाइनल में चेतन को जॉर्डन के मोहम्मद अलजाफरी के खिलाफ 0-8 से हार का सामना करना पड़ा था।
तीसरे दिन भारत की नजरें और पदकों पर
एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारतीय दल की नजरें क्रिकेट के खिताबी मुकाबले के साथ-साथ तलवारबाजी के नॉकआउट दौर पर हैं। जहां महिला क्रिकेट टीम के पास स्वर्ण पदक जीतने का मौका है, वहीं हेमाश और सचिन फॉइल स्पर्धा में अगले दौर में जगह बनाने के लिए उतरेंगे।



