संयुक्त राष्ट्र। भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान द्वारा नई दिल्ली के खिलाफ दिए गए बयान को ‘‘विनाशकारी एवं हानिकारक’’ बताया और उसे तीखा जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान का सभी पहलुओं पर ‘‘सबसे संदिग्ध ट्रैक रिकॉर्ड’’ रहा है। संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के दूत मुनीर अकरम ने ‘शांति की संस्कृति’ पर महासभा में अपने संबोधन के दौरान कश्मीर,
नागरिकता (संशोधन) अधिनियम और अयोध्या में राम मंदिर जैसे मामलों का जिक्र करते हुए भारत के खिलाफ लंबी टिप्पणी की थी जिस पर संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
कंबोज ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘इस महासभा में हम आखिरी बात यह कहना चाहते हैं कि जब हम इस चुनौतीपूर्ण समय में शांति की संस्कृति विकसित करने की कोशिश करते हैं तो ऐसे समय में हमारा ध्यान रचनात्मक वार्ता पर केंद्रित रहता है
इसलिए हमने एक निश्चित प्रतिनिधि की उन टिप्पणियों को दरकिनार करने का विकल्प चुना जिनमें न केवल मर्यादा का अभाव है बल्कि अपनी विनाशकारी एवं हानिकारक प्रकृति के कारण वे हमारे सामूहिक प्रयासों में भी बाधक हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम उस प्रतिनिधि को सम्मान और कूटनीति के उन केंद्रीय सिद्धांतों का पालन करने के लिए दृढ़ता से प्रोत्साहित करेंगे जिन्हें हमेशा हमारी चर्चाओं का मार्गदर्शन करना चाहिए या फिर क्या उस देश से यह अपेक्षा करना बहुत ज्यादा है
जिसका स्वयं सभी पहलुओं पर सबसे संदिग्ध ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ है।’’ कंबोज ने कहा कि आतंकवाद शांति की संस्कृति और सभी धर्मों की उन मूल शिक्षाओं का प्रत्यक्ष विरोधी है, जो करुणा, समझ और सह-अस्तित्व की वकालत करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह झगड़े के बीज बोता है, शत्रुता पैदा करता है और सम्मान एवं सद्भाव के उन सार्वभौमिक मूल्यों को कमजोर करता है जो दुनिया भर में सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का आधार हैं।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।