वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि अमेरिका की मध्यस्थता से हुई वार्ता के बाद भारत और पाकिस्तान ‘‘तत्काल और पूर्ण’’ संघर्ष विराम पर सहमत हो गये हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में घोषणा की, ‘‘अमेरिका की मध्यस्थता में पूरी रात चली बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान तत्काल और पूर्ण संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं।’’
ट्रंप ने यह घोषणा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के विदेश मंत्री एस जयशंकर, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से बातचीत के बाद की। रुबियो ने भी ‘एक्स’ पर ऐसा ही बयान दिया है।
पाकिस्तान और भारत तत्काल प्रभाव से संघर्ष विराम के लिए सहमत हुए: पाकिस्तानी विदेश मंत्री
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के विदेश मंत्री इस्हाक डार ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से संघर्ष विराम पर सहमति जताई है। पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक संदेश पोस्ट करने के कुछ ही मिनट बाद यह जानकारी दी। डार ने ‘एक्स’ पर कहा, “पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से संघर्ष विराम पर सहमति जताई है। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है!”
भारत और पाकिस्तान द्वारा एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों पर हमला करने के कुछ घंटे बाद अमेरिका की मध्यस्थता से यह संघर्ष विराम हुआ। इससे पहले दोनों ओर से हमलों के कारण संघर्ष में खतरनाक रूप से वृद्धि हुई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, ‘‘अमेरिका की मध्यस्थता में पूरी रात चली बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान तत्काल और पूर्ण संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों को समझदारी दिखाने के लिए बधाई।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।