दिल्ली में आंदोलन का असर नैनीताल के पर्यटन पर, होटल खाली; कैंचीधाम रजिस्ट्रेशन पर भी असमंजस
पिछले वीकेंड पर जहां सैलानियों की रिकॉर्डतोड़ आमद दर्ज की गई वहीं आने वाले दिनों में सैलानियों की आमद कम रहने की संभावना होटल कारोबारी जता रहे हैं। इसकी पहली वजह दिल्ली में चल रहा आंदोलन बताया जा रहा है। दूसरी वजह कैंचीधाम आने वाले सैलानियों के ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि स्पष्ट न होना बताया जा रहा है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन को लेकर सैलानियों में असमंजसता बनी हुई है।
ऑटम सीजन का समय पीक पर पहुंचने जा है और सैलानियों की संख्या बढ़ने की जगह कम होने लगी है। ऑटम सीजन के पहले सप्ताह के वीकेंड पर बंपर भीड़ उमड़ी थी, लेकिन दूसरे वीकेंड पर अपेक्षा से बहुत कम रही। आज सोमवार को नगर के पर्यटनस्थल सूने नजर आए तो होटलों के भी अधिकांश कमरे खाली रहे। सैलानियों की आमद में अचानक आई गिरावट को लेकर नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि इन दिनों देश की राजधानी दिल्ली में चल रहे कई संगठनों का आंदोलन है। जिस कारण नैनीताल ही नहीं बल्कि नजदीकी पर्यटन स्थलों का पर्यटन भी प्रभावित हुआ है।
नैनीताल में सर्वाधिक सैलानी दिल्ली एनसीआर से पहुंचता है , लेकिन पिछले कुछ दिनों से सैलानियों की आमद बेहद कम हो चली है। पिछले वीकेंड में भी सैलानियों की आमद अपेक्षा से कम रही, जबकि ऑटम सीजन में इस दौरान सैलानियों की आमद बढ़ जाती है।
उन्होंने दूसरा कारण कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालु पर्यटकों के पंजीकरण तिथि का स्पष्ट नहीं होना बताया है। जिस कारण सैलानियों में असमंजसता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को ऑनलाइन पंजीकरण बुकिंग की तिथि जल्द घोषित कर देनी चाहिए। इससे रेजिस्ट्रेशन की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी । उन्होंने कहा कि कैंचीधाम आने सैलानियों में सर्वाधिक नैनीताल भ्रमण पर आता है। जिस कारण अब नैनीताल के पर्यटन का एक हिस्सा कैंचीधाम से जुड़ चुका है और इसका लाभ यहां के पर्यटन को मिलता है।
17 से 20 तक आ रहा लंबा वीकेंड
अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के अनुसार 17 अक्टूबर से लंबा वीकेंड आने वाला है, जो चार दिन चलेगा। इस दौरान सैलानियों की अच्छी भीड़ पहुंचने की संभावना है। होटलों में एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। उन्होंने प्रशासन से यातायात व्यवस्था चाकचौबंद किए जाने की गुजारिश की है। साथ ही कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालु पर्यटकों के पंजीकरण शुरू किए जाने की तिथि जल्द घोषित किए जाने को कहा है।



