मुंबई। दीपिका पादुकोण को हॉलीवुड ‘वॉक ऑफ फेम’ के लिए चुना गया है और इस प्रतिष्ठित सम्मान को हासिल करने वाली संभवतः वह पहली भारतीय कलाकार होंगी। हॉलीवुड ‘वॉक ऑफ फेम’ का प्रबंधन करने वाले आधिकारिक संगठन ‘हॉलीवुड चैंबर ऑफ कॉमर्स’ ने बुधवार रात ‘इंस्टाग्राम’ पर यह खबर साझा की।
पोस्ट में बताया गया, “हॉलीवुड चैंबर ऑफ कॉमर्स’ के ‘वॉक ऑफ फेम’ चयन पैनल द्वारा मोशन पिक्चर्स, टेलीविजन, थिएटर/प्रस्तुति, रेडियो, रिकॉर्डिंग और खेल मनोरंजन की श्रेणियों में कुछ मनोरंजन पेशेवरों को हॉलीवुड ‘वॉक ऑफ फेम’ के लिए चुना गया है।
बॉलीवुड स्टार दीपिका पादुकोण को हॉलीवुड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम पर खास सम्मान दिया है। दीपिका पादुकोण वाकई बॉलीवुड की क्वीन हैं, और उनकी बादशाहत सरहदों से परे है। अपने दमदार अभिनय और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में बेहतरीन योगदान से दीपिका ने न सिर्फ भारत में, बल्कि ग्लोबल लेवल पर भी अपनी खास पहचान बनाई है। वह सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं, बल्कि एक ऐसा ग्लोबल आइकन हैं, जिन्होंने बार-बार इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर भारत को गर्व महसूस कराया है।
एक बार फिर दीपिका ने भारत का नाम रोशन किया है, जब हॉलीवुड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने उन्हें हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम पर स्टार से सम्मानित किया। यह और भी खास बन जाता है क्योंकि दीपिका इस सम्मान को पाने वाली एकमात्र भारतीय बनी हैं। इस तरह से दीपिका अब एमिली ब्लंट, टिमोथी चालमेट, रामी मालेक, रैचेल मैकऐडम्स, स्टैनली टुच्ची, डेमी मूर और कई मशहूर ग्लोबल आर्टिस्ट्स के साथ इस साल की लिस्ट में शुमार हो गई हैं।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।