‘स्वरंग’ में सिनेमा और कला का संगम, फिल्मी सितारों ने साझा किए संघर्ष के अनुभव
अवध एवेन्यू मॉल में ‘स्वरंग’ नाम से आयोजित विशेष कार्यक्रम में सिनेमा, कला, रचनात्मक संवाद और प्रेरणादायक कहानियों का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में फिल्मी दुनिया से जुड़े कलाकारों के साथ कला और सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों ने शिरकत की। एन टॉक्स, कलाकार विथ कैमरा यूट्यूब चैनल और टीएफएफ प्रोडक्शन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में फिल्म ‘हनुमान अंश’ खास आकर्षण रही। फिल्म में नीम करौरी बाबा की मुख्य भूमिका निभाने वाले शोभिनव सत्या ने वीडियो कॉल के माध्यम से दर्शकों से संवाद किया और अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इंडियन फिल्म्स एकेडमी के को-फाउंडर दिनेश कुमार सहगल ने गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में सहभागिता की। वहीं भारत गौरव डॉ. अनीता सहगल वसुंधरा, प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं राष्ट्रीय एंकर, सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शामिल हुईं। बॉलीवुड अभिनेता हिमांशु राजन की मौजूदगी भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
कार्यक्रम के दौरान ‘हनुमान अंश’ की टीम और कलाकारों के साथ रोचक संवाद हुआ। कलाकारों ने सिनेमा की दुनिया में अपने सफर, संघर्ष और अनुभवों के साथ रचनात्मक यात्रा से जुड़े पहलुओं को साझा किया। संवाद के दौरान युवाओं और नए कलाकारों के लिए सिनेमा के क्षेत्र में संभावनाओं और अवसरों पर भी चर्चा हुई। दिनेश कुमार सहगल ने कहा कि ऐसे आयोजन सिनेमा और समाज के बीच संवाद स्थापित करने के साथ नए कलाकारों और युवाओं को प्रेरणा और अवसर देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने ‘स्वरंग’ जैसे आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का आयोजन प्रोड्यूसर निवेदिता शुक्ला तिवारी ने किया, जबकि डायरेक्टर रोहित रावत ने सह-संयोजन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कलाकार विथ कैमरा यूट्यूब चैनल के प्रखर वर्मा, करिश्मा वर्मा, अहम श्रीवास्तव, आवेश और विकास का विशेष योगदान रहा। डीडी सिनेमा, बाराबंकी का भी विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का प्रयोजन देसी तड़का, इंडियन फिल्म अकादमी, डीडी सिनेमा, अवध एवेन्यू मॉल, एक कोशिश ऐसी भी संस्था और गदगद गारमेंट्स ने किया। मंच संचालन शुभ त्रिवेदी ने किया।



