विविध

CM योगी का आगरा दौरा आज : शिवाजी म्यूजियम का करेंगे निरीक्षण; एमएलसी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ताजनगरी आगरा के दौरे पर रहेंगे। करीब तीन घंटे के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान वह ताज ईस्ट गेट के पास निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का निरीक्षण करेंगे।

इसके बाद फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में शिक्षक और स्नातक एमएलसी प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, योगी आदित्यनाथ खेरिया एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सबसे पहले निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का निरीक्षण करेंगे।

म्यूजियम का 80 प्रतिशत काम पूरा

ताज ईस्ट गेट के पास बन रहे छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसका उद्घाटन 15 दिसंबर को प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के साथ परियोजना से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर भी विशेष ध्यान रहेगा। म्यूजियम के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री जनसभा स्थल के लिए रवाना होंगे।

एमएलसी प्रत्याशियों के समर्थन में करेंगे जनसभा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी और स्नातक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। जनसभा में आगरा समेत आसपास के जिलों से कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री का संबोधन आगामी एमएलसी चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से करेंगे मुलाकात

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पहुंचेंगे। यहां वह उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री खेरिया एयरपोर्ट से गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777