
CM योगी करेंगे महाराजा सुहेलदेव राजभर की 40 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण, मनाया जाएगा ‘विजय दिवस’
बहराइच के चित्तौरा में मंगलवार, 10 जून 2025 को महाराजा सुहेलदेव राजभर की स्मृति में विजय दिवस समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर होने वाले मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे, जबकि सुभासपा अध्यक्ष व पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर विशिष्ट अतिथि होंगे। प्रदेश सरकार इस आयोजन के जरिए बड़ा राजनीतिक संदेश देना चाहती है।
सीएम योगी ने किया पोस्ट
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि धर्म और धरा की रक्षा के लिए विदेशी आक्रांताओं का समूल नाश करने वाले परम प्रतापी महाराजा सुहेलदेव जी राष्ट्ररक्षा, आत्मगौरव और सांस्कृतिक चेतना के प्रेरणास्रोत हैं। आज महाराजा सुहेलदेव जी के ‘विजयोत्सव’ के अवसर पर बहराइच में उनकी प्रतिमा के अनावरण का सौभाग्य प्राप्त होगा। इस अवसर पर जनपद के समग्र विकास हेतु विभिन्न जन-कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चित्तौरा के पास स्थापित महाराजा सुहेलदेव राजभर की 40 फीट ऊंची कांस्य अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस प्रतिमा का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी की देखरेख में प्रसिद्ध मूर्तिकार पद्मश्री रामसुतार ने किया है।
महाराजा सुहेलदेव राजभर के नाम पर आयोजित इस मेले को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बहराइच में हर साल सैयद सालार मसूद गाजी की स्मृति में होने वाले मेले को इस बार अनुमति नहीं दी गई। 10 जून 1034 को बहराइच में हुए युद्ध में महाराजा सुहेलदेव ने आक्रांता सालार मसूद गाजी को परास्त किया था। इस ऐतिहासिक विजय की याद में अब विजय दिवस मनाया जा रहा है।
इस आयोजन के राजनीतिक दृष्टिकोण से कई महत्वपूर्ण निहितार्थ हैं। ऐसा माना जा रहा है कि यह कार्यक्रम भाजपा के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन को और सशक्त करेगा तथा राजभर समाज को इस गठबंधन के साथ जोड़ने में सहायता प्रदान करेगा। प्रदेश की 62 विधानसभा सीटों पर राजभर समाज का प्रभाव माना जाता है।