बलिदान दिवस पर CM Samrat Choudhary का ऐलान: अगले वर्ष डॉ. मुखर्जी को समर्पित होगा भव्य Park
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) के अवसर पर अटल सभागार, भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए तथा उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत् शुरुआत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रहित, अखंड भारत और सांस्कृतिक स्वाभिमान के प्रति समर्पित जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी राष्ट्रसेवा और बलिदान को देश सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने कहा कि पंडित चाणक्य के बाद यदि देश को एक करने वाले कोई नेता थे तो वे डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी थे, जिन्होंने अखंड भारत के सपने को साकार किया। भारतीय जनता पार्टी की कई पीढ़ियों से यह नारा चला आ रहा था कि एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे, यह नारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दिया था। उन्होंने कहा कि जब इस देश में लोकतंत्र खतरे में था तो जनसंघ के लोगों ने देश को बचाने के लिए पार्टी को विलीन कर दिया। इसके बाद 1980 में भाजपा का उदय हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल इसी दिन हमलोग डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के नाम पर एक भव्य नया पार्क लोगों को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में लगभग 27-28 पार्टियों का गठबंधन बना था और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भी लगभग 27-28 पार्टियों के गठबंधन की सरकार है। श्री नरेंद्र मोदी जी को सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनको नमन करता हूं। आज पूरा भारत उनके साथ खड़ा है।




