![](https://northindiastatesman.com/wp-content/uploads/2024/02/5-2.jpg)
मुख्यमंत्री पुणे, महाराष्ट्र में ‘श्री गीता भक्ति अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पुणे, महाराष्ट्र में स्वामी गोविन्द देव गिरिजी महाराज के जन्मोत्सव पर ‘श्री गीता भक्ति अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्वामी गोविन्द देव गिरिजी महाराज को भगवान गणेश की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया।
इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वर महाराज संजीवन समाधि मन्दिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने रामाय रामभद्राय रामचन्द्राय वेधसे। रघुनाथाय नाथाय सीतायाः पतये नमः!! श्लोक से प्रारम्भ कर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने
देश की सेनाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर की घोषणा की। यह डिफेंस कॉरिडोर छत्रपति शिवाजी महाराज को समर्पित है। प्रदेश में शक्तियां जुड़ रही हैं तथा पूज्य संतों के माध्यम से भक्ति का प्रवाह हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भक्ति तथा शक्ति के अद्भुत संगम के परिणामस्वरूप अयोध्या नगरी में पूज्य संतों के सान्निध्य में प्रधानमंत्री जी के पुरुषार्थ से उनके कर-कमलों द्वारा 500 वर्षों की लम्बी प्रतीक्षा के पश्चात 22 जनवरी, 2024 को प्रभु श्री रामलला स्वयं के दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान हुए।
हम सभी को यह अलौकिक क्षण देखने को प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री जी ने महोत्सव में उपस्थित महानुभावों को अयोध्या आगमन के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि दिव्य, भव्य और नव्य अयोध्या आप सभी को आमंत्रित कर रही है। स्वामी गोविन्द देव गिरिजी महाराज के जन्मोत्सव पर श्री गीता भक्ति अमृत महोत्सव पूरी भव्यता तथा दिव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है।
यह महोत्सव विगत 75 वर्षों से वैदिक सनातन धर्म के लिए अपने पुरुषार्थ, साधना व परिश्रम से कार्य करने वाले स्वामी जी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का सुअवसर है। इन्होंने सनातन वैदिक धर्म के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।