बिहार MLC चुनाव : शिक्षक सीटों पर 74.55% और स्नातक में 43.87 प्रतिशत मतदान
पटना। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक हुए मतदान में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 74.55 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 43.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी शाम चार बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सारण सीट पर सर्वाधिक 87.16 प्रतिशत, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कोसी सीट पर सर्वाधिक 52.51 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। हालांकि, शाम चार बजे तक प्राप्त सूचना के आधार पर जारी आंकड़े अंतरिम हैं और कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान जारी रहने की सूचना थी।
शिक्षक निर्वाचन में सारण सबसे आगे
निर्वाचन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार , चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना में 36.19 प्रतिशत, तिरहुत में 42.15 प्रतिशत, दरभंगा में 42 प्रतिशत और कोसी में 52.51 प्रतिशत मतदान हुआ। इस प्रकार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल मतदान प्रतिशत 43.87 रहा। वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना में 56.89 प्रतिशत, सारण में 87.16 प्रतिशत, तिरहुत में 78.10 प्रतिशत और दरभंगा में 79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में कुल मतदान प्रतिशत 74.55 रहा।



