उत्तर प्रदेशफ्लैश न्यूज

प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप पूरे प्रदेश में 16 लाख एल0ई0डी0 स्ट्रीट लाइटें बदली गयीं

लखनऊ: 01 अप्रैल, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहाँ अपने सरकारी आवास से लखनऊ नगर निगम के बेहतर कूड़ा प्रबन्धन तथा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन हेतु पर्यावरण अनुकूल हरित ऊर्जा से संचालित 250 इलेक्ट्रिक एवं सी0एन0जी0 वाहनों को फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नवनिर्माण के 09 वर्ष में स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 में लखनऊ नगर निगम ने देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह सफलता डबल इंजन सरकार के प्रयासों तथा कूड़ा-कचरा के बेहतर प्रबंधन से मिली है। इस सफलता को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने तथा नेट जीरो व न्यूनतम कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में यह कार्यक्रम अत्यन्त सराहनीय पहल है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व, प्रदेश की स्ट्रीट लाइटें हैलोजन की होती थी। यह पीली और अलग-अलग रंग की होती थी। यह बड़ी बेतरतीब दिखती थी। यह लाइटें ऊर्जा की ज्यादा खपत करती थीं। कीड़े-मकोड़ों तथा बदबू के कारण उसके नीचे कोई व्यक्ति खड़ा ही नहीं हो सकता था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से वर्ष 2017 के पश्चात प्रदेश सरकार ने तय किया कि प्रदेश में बिना भेदभाव 24 घण्टे विद्युत आपूर्ति करनी है, तो लाइटें बेहतर तथा एक जैसी लगनी चाहिए। इससे पूरा शहर एक जैसा दूधिया दिखेगा। हम सूर्य के उपासक हैं। प्रदेश सरकार ने सूर्यवंशी प्रभु श्रीराम के अनुज लक्ष्मण जी के नाम पर लक्ष्मणपुरी में इस अभियान को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में लखनऊ सहित प्रदेश के सभी नगर निगमों में एल0ई0डी0 स्ट्रीट लाइट लगाई गयीं। भारत सरकार की संस्था ई0एस0एल0 ने एल0ई0डी0 स्ट्रीट लाइटें लगाई। इसके 05 साल के रख-रखाव की जिम्मेदारी भी इसी संस्था को दी गई। इनके पैसे का भुगतान हैलोजन तथा एल0ई0डी0 पर खर्च होने वाली बिजली के डिफरेंस से किया जाएगा।
प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप पूरे प्रदेश में 16 लाख एल0ई0डी0 स्ट्रीट लाइटें बदली गयीं। आज प्रदेश के शहर दूधिया लाइट से जगमगाते हुए दिखाई देते हैं। नगर निगमों ने अपने स्तर पर नगर में स्पायरल लाइट लगाने की पहल प्रारम्भ की, जिसके कारण रात के अंधेरे में नगर सुन्दर दिखाई देते हैं। आज लखनऊ की सड़कों पर कोई भी आता है, तो लखनऊ की सराहना करता है। वर्ष 2017 से पूर्व यहां आने में डर लगता था, इतनी सफाई नहीं रहती थी, स्पायरल लाइटें नहीं दिखाई देती थीं, स्ट्रीट लाइटें नहीं जलती थीं, परन्तु आज यह सभी दिखाई दे रहे हैं। विगत 09 वर्षों में लखनऊ ने स्वच्छता रैंकिंग के साथ-साथ प्रत्येक क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त की है। आज लखनऊ सिटी का दायरा बढ़ा है। लखनऊ में मेट्रो का संचालन, सड़कों का चौड़ीकरण, बेहतर कनेक्टिविटी, जल निकासी आदि बुनियादी सुविधाएं बेहतर हुई हैं, जिससे यहां के लोगों के जीवन स्तर ऊपर उठाने में मदद मिली है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब लखनऊ डिफेन्स मैन्युफैक्चरिंग के नए हब के रूप में स्थापित हो चुका है। केन्द्र और राज्य सरकार के साथ मिलकर प्रदेश के 17 नगर निगमों और नोएडा को मिलाकर 18 नगर निकायों को सेफ सिटी के रूप में इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेण्टर से जोड़कर सी0सी0टी0वी0 से कवर किया है। अब इन नगर निकायों को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। सूर्यवंशी प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या सोलर सिटी के रूप में विकसित हो गई है। इसी तर्ज पर लखनऊ में भी सोलर पैनल लगाकर कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत 04 लाख 25 हजार से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। इससे 1,500 मेगावॉट बिजली पैदा हो रही है। लोगों के बिजली के बिल आधे से कम हो गए हैं। अच्छे कार्यों की चर्चा कम हो पाती है। लेकिन यदि हम इसकी चर्चा करेंगे तो लोग प्रोत्साहित होंगे। उन्हें शुद्ध व ग्रीन एनर्जी मिलेगी। अयोध्या में 40 मेगावॉट का सोलर प्लाण्ट लगा है, जिससे वहां की लाइटें सोलर एनर्जी से ही जलती है। अयोध्या का सोलर सिटी के रूप में विकसित होना, प्रभु श्रीराम के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का सबसे बड़ा प्रमाण है। यह कार्य डबल इंजन सरकार ने किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज देश में प्रदेश के सबसे ज्यादा 07 शहरों-लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में मेट्रो का संचालन हो रहा है। प्रदेश में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बेहतरीन सुविधा से यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है। लखनऊ में लगभग 01 लाख लोग प्रतिदिन मेट्रो में यात्रा कर रहे हैं। पब्लिक को सुविधा चाहिए और उन्हें सुविधा देने का कार्य सरकार की जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार पब्लिक को यह सुविधा प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार ने तय किया है कि इलेक्ट्रिक बस सेवा का विस्तार कर शहरों में सिटी बस सेवा को इलेक्ट्रिक बस सेवा में बदलेंगे। शहर से शहर को जोड़ने के लिए सैटेलाइट सिटी को इलेक्ट्रिक बस सेवा के साथ जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। लखनऊ में अशोक लेलैंड द्वारा इलेक्ट्रिक बस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट प्रारम्भ हो चुकी है। अब लखनऊ में ही इलेक्ट्रिक बस बन रही है। आगामी 15 अप्रैल को लखनऊ में टाटा की ऑटोमोबाइल यूनिट पर बस और ट्रक के साथ-साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल के मैन्युफैक्चरिंग कार्यक्रम को आगे बढ़ाने जा रहे हैं। यह चीजें दिखाती हैं कि यदि हम उस दिशा में सोचना प्रारम्भ करेंगे, तो निवेशक स्वयं आकर निवेश करंेेगे और हम उसे आगे बढ़ाएंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य मुश्किल था। कूड़ा का बेहतर प्रबन्धन न होने के कारण इन्सेफेलाइटिस, डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया जैसी बीमारियां उत्पन्न होती हैं। देश की विरासत और विकास को लीड करने वाले राज्य उत्तर प्रदेश को इन बीमारियों ने बीमार कर दिया था। आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।  देश की टॉप 3 अर्थव्यवस्थाओं के रूप में उत्तर प्रदेश ने अपने आप को स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश में कूड़े के कारण उत्पन्न होने वाली बीमारियों का समाधान निकाला। बेहतर कूड़ा प्रबन्धन से उत्तर प्रदेश में अब इन्सेफेलाइटिस डेंगू, कालाजार, मलेरिया, फाइलेरिया जैसी बीमारियांे पर प्रभावी अंकुश लगा है। हमने प्रदेश की बीमारी को दूर किया है। जब नागरिक स्वस्थ होंगे, तभी समृद्धि आएगी। दीपावली के दिन माँ लक्ष्मी की पूजा की जाती है। पूजा से पूर्व घर की लिपाई-पोताई एवं सफाई करते हैं। माँ लक्ष्मी गन्दगी में नहीं, बल्कि स्वच्छता होने पर ही आती हैं। यही स्वच्छता सिटी और राज्य की समृद्धि का आधार बनती है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए यह इलेक्ट्रिक व्हीकल उस स्वच्छता अभियान का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पिछले दिनों केन्द्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद श्री राजनाथ सिंह जी द्वारा नगर निगम के 200 से अधिक इलेक्ट्रिक व्हीकल डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए प्रारम्भ किये गये थे। आज 250 इलेक्ट्रिक तथा सी0एन0जी0 वाहनों का शुभारंभ करने का सौभाग्य मिला है। यह वाहन प्रत्येक वॉर्ड में घर-घर कूड़ा प्रबंधन कार्यक्रम से जुड़कर लखनऊ को क्लीन व ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोमती नदी के पुनरुद्धार कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। लखनऊ की कुकरैल नदी के ऊपर अनधिकृत कब्जा हटाकर कर लक्ष्मण जी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए सौमित्र वन की स्थापना की गयी है। इसे सौमित्र नाम इसलिए दिया गया, क्योंकि लक्ष्मण जी का एक नाम सौमित्र भी है। आज यह बेहतरीन तथा स्वच्छ सिटी वन लखनऊ की शान बन रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हम लोग साथ मिलकर स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त करतेे हुये प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप विकास के अभियान को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम को नगर विकास मंत्री श्री अरविन्द कुमार शर्मा तथा लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य इंजी0 अवनीश कुमार सिंह, श्री पवन कुमार सिंह, श्री राम चन्द्र प्रधान, श्री मुकेश शर्मा, डॉ0 लाल जी प्रसाद निर्मल, विधायक डॉ0 नीरज बोरा, श्रीमती जय देवी, श्री अमरेश कुमार सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
——–

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777