खबरफ्लैश न्यूजविशेष
प्रभु राम के हाथों मुक्ति पाने दिल्ली से चलकर अयोध्या पहुंचा रावण
अयोध्या: मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पावन नगरी अयोध्या के सरयू तट के किनारे स्थित लक्ष्मण किला परिसर में चल रही बॉलीवुड स्टार से सजी अयोध्या की रामलीला अब समापन की ओर है. 25 अक्टूबर को विजयादशमी के मौके पर रावण दहन के साथ ही अयोध्या की रामलीला का समापन हो जाएगा. इस खास रामलीला के आयोजन से जुड़ी हर बात खास है. यही वजह है कि इस रामलीला में जलने वाला रावण दिल्ली से आया है, जिसे रामलीला मैदान में खड़ा कर दिया गया है.
पैंतालीस फीट का रावण बनेगा आकर्षण का केंद्र
बॉलीवुड स्टार्स की इस रामलीला के निर्देशक प्रवेश मलिक ने बताया कि शुरू से ही इस रामलीला को सबसे अलग और सबसे अनूठा बनाने का हमारा प्रयास रहा है. इसी सोच को लेकर इस रामलीला के समापन सत्र में जिस रावण का दहन होना है, उसे दिल्ली के तीतरपुर से मंगवाया गया है. इसके निर्माण में विशेष तकनीकी का प्रयोग किया गया है. यह रावण अयोध्या की रामलीला के आकर्षण का केंद्र बनेगा. इस रावण की ऊंचाई 45 फीट है.





