अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- 26 हजार स्कूल बंद कर वहां शराब के ठेके खुलवाने जा रही सरकार!
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर शिक्षा, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद हो चुके हैं और आरोप लगाया कि इन स्कूलों में शराब के ठेके खोलने की तैयारी है। अखिलेश ने कहा कि मानव जीवन में सुधार शिक्षा से आता है, लेकिन भाजपा सरकार स्कूल बंद कर वहां शराब के ठेके खुलवाने का काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी ने देश को स्वच्छ भारत, एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था और डिजिटल इंडिया का सपना दिखाया है। उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर भी टिप्पणी की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के सदस्य को चुनाव आयोग भारत का नागरिक और मतदाता मानता है।
महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय और बढ़ते अपराधों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है और अपराधों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा, ‘यूपी में हथेली गरम, पुलिस नरम’। उन्होंने प्रदेश में अपराधों पर लगाम नहीं लगने का आरोप लगाया। साथ ही भाजपा की विचारधारा पर टिप्पणी करते हुए उसे नकारात्मक सोच वाली पार्टी बताया। अखिलेश ने भाजपा को राजनीतिक पार्टियों का गैंग भी करार दिया।
भाजपा का मुकाबला करने के लिए एकजुट हैं कार्यकर्ता
अखिलेश यादव ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश से भाजपा की विदाई होने पर इसका असर देश की राजनीति पर भी पड़ेगा।
सपा अध्यक्ष ने कहा, ‘ये लोग उत्तर प्रदेश से हटेंगे तो भारत से हट जाएंगे।’ उनके इस बयान को आगामी राजनीतिक मुकाबले के संदर्भ में भाजपा के खिलाफ सपा के तेवर के तौर पर देखा जा रहा है।



