पंजाब

तीन राज्यों में जीत के बाद पंजाब भाजपा में उत्साह, कांग्रेस व आप की उम्मीदों को झटका

तीन राज्यों में भाजपा की शानदार जीत ने पंजाब भाजपा को उत्साह से भर दिया है। वहीं कांग्रेस और सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) को गहरी चिंता में धकेल दिया है। पंजाब भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर उम्मीद से भर गई है और पार्टी ने अब इसके लिए रणनीति उकरने का काम शुरू कर दिया है।

भाजपा की तरफ से पहला कदम यह तय किया गया है कि राज्य में घर-घर तक केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों को पहुंचाया जाए और प्रधानमंत्री की गारंटी के सहारे ‘मिशन पंजाब’ को मजबूत किया जाए।

हालांकि लोकसभा चुनाव में अपने दम पर उतरने का मन बना चुकी पंजाब भाजपा के लिए अभी राज्य के किसानों को साथ जोड़ना कठिन दिखाई दे रहा है क्योंकि तीन कृषि कानूनों को लेकर केंद्र के खिलाफ किसान आंदोलन और उसके बाद केंद्र के वादे अब तक पूरे नहीं होने से पंजाब के किसान अब तक भाजपा से नाराज हैं।

तीन राज्यों में जहां भाजपा की जीत में आरएसएस के सीनियर प्रचारकों की भूमिका भी अहम रही है, वहीं पंजाब में आरएसएस को लेकर सिख समुदाय कभी सहज नहीं रहा है। भाजपा के ‘मिशन पंजाब’ में ये दो मुद्दे बड़ी चुनौती बनेंगे हालांकि भाजपा राज्य के पिछड़ा और ओबीसी वर्ग को साथ लाने की कवायद में भी जुट गई है।

दूसरी ओर, कांग्रेस और आप के लिए चार राज्यों के चुनाव बहुत बड़ा झटका साबित हुए हैं। कांग्रेस ने जहां तीन राज्य गंवाए वहीं आप को केजरीवाल और भगवंत मान के जोरदार प्रचार अभियान के बावजूद कुल एक फीसदी वोट भी नहीं मिले।

पड़ोसी राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में जनता ने आप को सिरे से नकार दिया है। इन नतीजों ने एक तरफ तो ‘इंडिया’ गठजोड़ में कांग्रेस और आप के साथ आने पर सवालिया निशान लगाया है। वहीं पंजाब में 20 माह की आप सरकार की छवि को भी ठेस पहुंचाई है।

वैसे, तीन राज्यों में आप का जैसा प्रदर्शन रहा, उससे यह साफ है कि आप ने कांग्रेस को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया है लेकिन लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ के तहत सीट शेयरिंग के अलावा अब आप के पास विकल्प बाकी नहीं रह गया है।

ऐसी ही स्थिति आप के लिए पंजाब में बनेगी, जहां लोकसभा चुनाव में उसे भाजपा और अकाली दल के अलग-अलग चुनाव लड़ने पर कांग्रेस के साथ गठबंधन करना फायदे का सौदा साबित हो सकता है।

अब आप की उलटी गिनती शुरू हो गई: जाखड़
पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने सोमवार को कहा कि चार राज्यों के चुनाव नतीजों ने साबित कर दिया है कि देशभर के लोग आम आदमी पार्टी (आप) की झूठी गारंटियों से वाकिफ हो गए हैं और देशभर के लोगों को यह भी पता चल गया है कि इस पार्टी ने पंजाब में झूठ बोलकर सत्ता हासिल की है।

अब आप की उलटी गिनती शुरू हो गई है और यह बात अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को भी समझ लेनी चाहिए। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों का डंका बज रहा है। पंजाब के लोग भी अब अपना अगला कदम सोच-समझकर उठाएंगे।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777