‘करो या मरो’ मुकाबला! मुंबई को हराकर KKR की प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा, कोर्बिन बॉश का ऑलराउंड खेल भी नहीं आया काम
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बारिश से प्रभावित और रोमांच से भरपूर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक बेहद अहम मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) को 4 विकेट से हरा दिया। इस ‘करो या मरो’ के मैच में जीत दर्ज कर केकेआर ने प्लेऑफ की अपनी धुंधली उम्मीदों को कायम रखा है। केकेआर की धारदार गेंदबाजी और मनीष पांडे-रोवमैन पॉवेल की सूझबूझ भरी साझेदारी के दम पर टीम ने मुंबई के 147 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवर में हासिल कर लिया।
केकेआर मनीष पांडे (45 रन, 33 गेंद) और रोवमैन पॉवेल (40 रन, 30 गेंद) के बीच चौथे विकेट के लिए 48 गेंद में 64 रन की भागीदारी से लक्ष्य के करीब पहुंची। टीम ने 18.5 ओवर में छह विकेट गंवाकर 148 रन जीत दर्ज की। इस जीत से केकेआर अंक तालिका में आठवें से छठे स्थान पर पहुंच गई जिससे उसके 13 अंक हो गए हैं जिससे उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की धुंधली से उम्मीद अब भी बनी हुई है। भले ही केकेआर ने जीत दर्ज की लेकिन मुंबई इंडियंस के कोर्बिन बॉश ने बल्लेबाजी (नाबाद 32), गेंदबाजी (30 रन देकर तीन विकेट) और क्षेत्ररक्षण में शानदार प्रदर्शन किया।
केकेआर को उम्मीद करनी होगी पंजाब किंग्स की टीम शनिवार को अपना मैच हार जाए। फिर उसकी निगाहें रविवार दोपहर को होने वाले राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले पर होंगी, जिसके बाद शाम को उसका सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। अगर रॉयल्स जीत जाती है तो उसकी प्लेऑफ में जगह पक्की हो जाएगी और केकेआर बाहर हो जाएगा। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर का आखिरी लीग मैच बेमानी हो जाएगा। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की यह 13 मैचों में नौवीं हार थी।
केकेआर ने पावरप्ले में कप्तान अजिंक्य रहाणे (21 रन) और फिन एलन (08) के रूप में दो विकेट गंवाकर 51 रन बना लिए थे। एलन दो चौके लगाने के बाद पहले ही ओवर में दीपक चाहर की गेंद पर बोल्ड हो गए। चाहर ने पावरले में तीन ओवर डाले जिसमें उन्होंने 23 रन देकर एक विकेट झटका। जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ओवर में महज दो रन दिए। हालांकि उनके दूसरे ओवर में तीन चौके से 14 रन बने। बॉश के ओवर में दो चौके लगे लेकिन उन्होंने रहाणे की पारी समाप्त की।
बॉश ने फिर कैमरन ग्रीन (08) को आउट कर केकेआर को एक और झटका दिया। पॉवेल ने आते ही बॉश पर डीप स्क्वायर लेग पर गगनचुंबी छक्का जड़कर शुरूआत की। 10वें ओवर में हार्दिक पंड्या की गेंद पर चाहर ने डीप बैकवर्ड स्कवायर लेग में पॉवेल का आसान कैच छोड़कर उन्हें जीवनदान दिया। पांडे ने इसके बाद दो चौके लगा दिए। इस तरह 10 ओवर बाद केकेआर का स्कोर तीन विकेट 84 रन था।
बुमराह ने पांडे के स्टंप उखाड़कर उनके और पॉवेल के बीच अर्धशतकीय भागीदारी का अंत किया जिससे 15 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर चार विकेट पर 118 रन था। उसे जीत के लिए 30 गेंद में 30 रन चाहिए थे। पॉवेल ने गजनफर पर लांग ऑन पर छक्का लगाया और अगली ही गेंद पर बॉश ने शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत कर दिया। केकेआर ने सात गेंद रहते जीत हासिल की।
इससे पहले बादलों से घिरे आसमान के नीचे और बारिश से बचने के लिए ढकी गई ईडन गार्डन्स की पिच पर केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पावरप्ले में मुंबई इंडियंस का स्कोर चार विकेट पर 41 रन कर दिया। इसमें कैमरन ग्रीन (तीन ओवर में 23 रन देकर दो विकेट) और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे (34 रन देकर दो विकेट) ने शुरुआती ओवरों में दो-दो विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।
ग्रीन गेंद के अलावा मैदान पर असाधारण रहे। उन्होंने सिर्फ तीन गेंदों के अंतराल मेंरेयान रिकेलटन (06) और नमन धीर (0) को पवेलियन भेजकर दो विकेट झटके। इसके बाद उन्होंने मिड विकेट से दौड़ते हुए एक शानदार कैच लपका और दुबे की गेंद पर रोहित शर्मा (15) को आउट कर दिया। इस दिग्गज भारतीय बल्लेबाज ने तभी खुलकर खेलने की कोशिश की थी। इसके बाद मुंबई इंडियंस ने सिर्फ आठ गेंदों के अंतराल में छह रन के भीतर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए।




