योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी का उछाल: अर्थव्यवस्था से इंफ्रा तक उपलब्धियां, लेकिन चुनौतियां बाकी
लखनऊ। साल 2025 उत्तर प्रदेश के लिए कई मायनों में अहम रहा। योगी आदित्यनाथ सरकार ने इसे ‘विकास का स्वर्णिम वर्ष’ करार दिया, जबकि आम लोगों के लिए यह साल उपलब्धियों के साथ चुनौतियों और संघर्षों का भी प्रतीक बनकर सामने आया। अर्थव्यवस्था से लेकर कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर शिक्षा-स्वास्थ्य तक सरकार ने कई मोर्चों पर बड़ी उपलब्धियों का दावा किया, वहीं कुछ घटनाओं और अधूरी योजनाओं ने सवाल भी खड़े किए। साल के आखिरी पड़ाव पर आइए जानते हैं, 2025 में उत्तर प्रदेश ने क्या पाया और किन मोर्चों पर अभी काम बाकी है।
अर्थव्यवस्था: रिकॉर्ड ग्रोथ का दावा
योगी सरकार ने 2025 में अर्थव्यवस्था के नई ऊंचाइयों को छूने का दावा किया। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश की जीएसडीपी 27.51 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 32 लाख करोड़ रुपये के लक्ष्य तक पहुंची। खास बात यह रही कि यह उपलब्धि बिना किसी नए टैक्स के हासिल की गई। विदेशी प्रत्यक्ष निवेश के रूप में 683 मिलियन अमेरिकी डॉलर प्रदेश में आए।




