Manchester हमला में दो और लोग गिरफ्तार
लंदन। ब्रिटेन की पुलिस ने Manchester में एक पॉप कंसर्ट में आत्मघाती विस्फोट के संबंध में आज दो और गिरफ्तारियां कीl और इसके साथ ही हिरासत में लिए जाने वाले संदिग्धों की संख्या 11 पहुंच गई है। इस हमले में 22 लोग मारे गए।
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस (जीएमपी) ने कहा कि अधिकारी आज सुबह चीथम हिल में एक मकान में विस्फोटक यंत्र लगाकर घुसे। इसके बाद आतंकवादी अपराधों के संदेह में 20 और 22 साल के दो व्यक्तियों को पकड़ा गया है।
पुलिस ने बताया कि आतंकवादी जांच में कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से दो लोगों को बगैर किसी आरोप के रिहा कर दिया गया। मैनचेस्टर एरेना में अमेरिकी गायिका अरियाना ग्रांडे का शो खत्म होते ही सोमवार रात को हुए आत्मघाती विस्फोट के संबंध में 11 लोग अब भी हिरासत में हैं।
हिरासत में लिए गए लोगों की उम्र 18 से 39 के बीच है। पुलिस ने शुक्रवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया जिनमें से एक को मॉस साइड और दूसरे को रशहोम से गिरफ्तार किया गया। माना जा रहा है कि गिरफ्तार लोगों में हमलावर के रिश्तेदार भी हैं। 34 वर्षीय महिला और 16 वर्षीय लड़के को बिना किसी आरोप के रिहा कर दिया गया।



