डिजिटल पढ़ाई में आगे यूपी की बेटियां : 80 हजार से ज्यादा छात्राओं ने किया राजिस्ट्रेशन, गणित-विज्ञान जैसे विषयों में खास दिलचस्पी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल रंग दिखाने लगी है। गणित और विज्ञान जैसे विषयों में छात्राओं की पकड़ मजबूत करने के लिए खान एकेडमी के डिजिटल मंच का इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार की ओर से जारी मध्य-माह प्रदर्शन रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के 96 प्रतिशत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय इस मंच पर पंजीकृत हो चुके हैं। अब तक 80,078 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 66,996 ने अपने खाते सक्रिय कर लिए हैं।
80 हजार से ज्यादा छात्राओं ने कराया पंजीकरण
खान एकेडमी की एक से 15 अक्टूबर तक की प्रदर्शन रिपोर्ट के मुताबिक, डिजिटल मंच से जुड़ने वाली छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। कुल 80,078 पंजीकृत छात्राओं में से 66,996 ने अपने खाते सक्रिय कर लिए हैं। इनमें से 30,503 छात्राओं ने निर्धारित मासिक लक्ष्य का कम से कम 50 प्रतिशत पूरा कर लिया है। यह पहल छात्राओं को अपनी गति से पढ़ने, सवालों का अभ्यास करने और गणित-विज्ञान के विषयों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर दे रही है।
सहारनपुर, गाजियाबाद और खीरी की छात्राओं का बेहतर प्रदर्शन
जनपदवार प्रदर्शन में सहारनपुर, गाजियाबाद और खीरी की छात्राओं ने बेहतर प्रगति दर्ज की है। रिपोर्ट के अनुसार, सहारनपुर में 92 प्रतिशत, गाजियाबाद में 89 प्रतिशत और खीरी में 81 प्रतिशत छात्राओं ने निर्धारित मासिक लक्ष्य का कम से कम 50 प्रतिशत पूरा किया है। इन आंकड़ों से संबंधित जिलों में डिजिटल मंच के इस्तेमाल और निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में छात्राओं की प्रगति का पता चलता है।
गणित और विज्ञान में चार-चार कौशल हासिल करने का लक्ष्य
कार्यक्रम के तहत प्रत्येक छात्रा को गणित और विज्ञान में कम से कम चार-चार कौशलों में दक्षता हासिल करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए छात्राओं को प्रोफिशिएंट यानी दक्ष और मास्टर्ड यानी पूरी तरह पारंगत स्तर तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। डिजिटल मंच पर नियमित अभ्यास के माध्यम से छात्राएं अपनी कमजोरियों को पहचान सकती हैं और संबंधित विषयों में बेहतर प्रदर्शन करने की दिशा में काम कर सकती हैं। इस प्रक्रिया में शिक्षकों का मार्गदर्शन भी अहम भूमिका निभाएगा।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बालिका सशक्तीकरण पर जोर
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शिक्षण संसाधनों के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खान एकेडमी के माध्यम से गणित और विज्ञान में दक्षता विकसित करने की पहल बालिका सशक्तीकरण को नई दिशा देगी। वहीं, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि खान एकेडमी के जरिए छात्राओं को गणित और विज्ञान के कौशल विकसित करने के लिए डिजिटल अभ्यास का अवसर मिल रहा है। प्रयास है कि विद्यालयों में इस मंच का प्रभावी इस्तेमाल हो और अधिक से अधिक छात्राएं निर्धारित शिक्षण लक्ष्यों को हासिल करें।
डिजिटल शिक्षा से मजबूत होगी छात्राओं की विषयगत समझ
प्रदेश सरकार का जोर डिजिटल संसाधनों को नियमित पढ़ाई का हिस्सा बनाने पर है। खान एकेडमी जैसे मंच के जरिए छात्राओं को अभ्यास आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे गणित और विज्ञान में अपनी समझ मजबूत कर सकें।



