लखनऊ में दुर्गा पूजा की धूम, कहीं अक्षरधाम तो कहीं राम मंदिर की झलक; भव्य पंडालों में विराजेंगी मां भगवती
लखनऊ। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में मां भगवती के स्वागत के लिए आकर्षक पंडाल बनाए जा रहे हैं। इस बार जानकीपुरम और मॉडल हाउस की दुर्गा पूजा खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। मॉडल हाउस में अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है, जबकि जानकीपुरम में राम मंदिर की प्रतिकृति श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।
मॉडल हाउस में 16 लाख की लागत से बन रहा अक्षरधाम मंदिर
मॉडल हाउस में दुर्गा पूजा के लिए कोलकाता से आए 18 कारीगर गोपाल राउत की देखरेख में अक्षरधाम मंदिर जैसा पंडाल तैयार कर रहे हैं। आयोजन से जुड़े वीके तिवारी ने बताया कि यहां वर्ष 1975 से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पंडाल का निर्माण 15 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि 16 अक्टूबर से पूजा शुरू हो जाएगी। मॉडल हाउस की दुर्गा पूजा श्री श्री सर्वजनीन दुर्गा पूजा के नाम से प्रसिद्ध है।
आयोजकों के मुताबिक, यहां हर साल अलग-अलग मंदिरों की प्रतिकृति तैयार की जाती है। इससे पहले राम मंदिर, मीनाक्षी मंदिर और स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाए जा चुके हैं। इस बार अक्षरधाम मंदिर की प्रतिकृति तैयार करने पर करीब 16 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
जानकीपुरम में 110 फीट ऊंचा राम मंदिर जैसा पंडाल
दूसरी ओर, जानकीपुरम में राम मंदिर की प्रतिकृति के रूप में दुर्गा पूजा पंडाल लगभग तैयार हो चुका है। आयोजन से जुड़े सौरव बंद्योपाध्याय के अनुसार, पंडाल बनाने के लिए 60 कारीगर पिछले एक महीने से दिन-रात जुटे हुए हैं।
राम मंदिर की तर्ज पर बनाए जा रहे इस पंडाल की लंबाई 110 फीट, चौड़ाई 110 फीट और ऊंचाई भी 110 फीट है। इसे वास्तविक राम मंदिर जैसा स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। इस भव्य पंडाल के निर्माण पर अब तक करीब 50 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
मां के दर्शन के साथ मंदिरों की भव्य झलक
लखनऊ में इस बार दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को मां भगवती के दर्शन के साथ देश के प्रसिद्ध मंदिरों की स्थापत्य शैली देखने का अवसर भी मिलेगा। मॉडल हाउस का अक्षरधाम मंदिर और जानकीपुरम का राम मंदिर रूपी पंडाल पूजा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेंगे। दोनों स्थानों पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।



