कोलकाता : ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश, पुलिस कर रही जांच
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के कोलकाता स्थित कालीघाट आवास के बाहर रविवार शाम एक महिला सुरक्षा घेरे को भेदते हुए मुख्यमंत्री के आवास के मुख्य द्वार तक पहुंच गई और कथित तौर पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। पूर्व सांसद एवं पार्टी प्रवक्ता साकेत गोखले ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस हमले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ” आज एक ड्रग एडिक्ट ममता बनर्जी के घर पहुंची और उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि बंगाल में यह हालत है, जहां जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त और तीन बार की मुख्यमंत्री भी सुरक्षित नहीं है।” उन्होंने सवाल करते कहा कि क्या यह भाजपा की सोची-समझी साज़िश थी, क्योंकि दीदी (ममता बनर्जी) दिल्ली में उन्हें खत्म करने पर तुली हुई हैं? साकेत गोखले ने बताया कि इस मामले में शिकायत दर्ज करा दी गयी है। क्या पुलिस कार्रवाई करेगी या इसे अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) ने मंज़ूरी दी थी? उन्होंने ने कालीघाट थाने को ई-मेल से भेजी गयी शिकायत का पत्र भी साझा किया है। इस औपचारिक शिकायत के अनुसार, रविवार शाम लगभग छह बजे तनिष्ठा साहा नामक एक महिला अचानक हिंसक अंदाज में मुख्यमंत्री आवास के करीब पहुंच गई।
शिकायत में दावा किया गया है कि महिला कथित तौर पर एक सिविक वालंटियर है और ड्रग्स की आदी है।आरोप है कि नशे की हालत में उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए ममता बनर्जी को नुकसान पहुंचाने की नीयत से उनके करीब पहुंचने की कोशिश की और खुद को उनकी भतीजी बताते हुए सड़क पर लेटकर हंगामा किया। पार्टी के ओर से भेजे गए ई-मेल में कहा गया है कि यह चिंताजनक है कि हमलावर जैसा कोई व्यक्ति जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति के आवास के गेट तक पहुंच सका, जो बड़ी साजिश के संबंध में सवाल खड़े करता है। इसमें यह भी कहा गया है कि उनका पुलिस से अनुरोध है कि इसे बीएनएस की धारा 173 के तहत सूचना के रूप में दर्ज करें और संदर्भ के रूप में संलग्न फोटो और वीडियो का संज्ञान लें।



