SIR के विरोध में विपक्ष का दिल्ली में प्रदर्शन : खड़गे ने सांसदों को लंच पर बुलाया; राजघाट जाएंगे INDIA ब्लॉक के सांसद
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में विपक्षी दलों का दिल्ली में प्रदर्शन गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक के सांसदों को दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच के लिए बुलाया है।
इसके बाद विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इससे पहले बुधवार को भी खड़गे ने विपक्षी सांसदों के लिए कनॉट प्लेस स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच का आयोजन किया था। लंच के बाद सांसद जंतर-मंतर पहुंचे और SIR के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
वेणुगोपाल बोले- लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में अराजकता विपक्ष नहीं, बल्कि भाजपा, अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार फैला रहे हैं।
वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और आम लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ रहा है। उन्होंने इसे विपक्ष के लिए ‘करो या मरो’ की लड़ाई बताते हुए कहा कि मतदाताओं और आम लोगों के हितों की रक्षा करना उनका मुख्य उद्देश्य है।
राहुल-प्रियंका के खिलाफ FIR
वहीं, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ कथित मारपीट और छह अक्टूबर को आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले में कुल तीन FIR दर्ज की गई हैं। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने FIR को लेकर कहा था कि वह इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा था, “मेरे खिलाफ 45 FIR हो चुकी हैं। मैं चाहता हूं 100 FIR हों।”
SIR को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर
विपक्षी दल वोटर लिस्ट के SIR की प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। इसे लेकर विपक्ष केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। गुरुवार को भी विपक्षी सांसद लंच के बाद राजघाट पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।



