मनोरंजन

नाना पाटेकर के निधन से सदमे में देश, PM मोदी बोले- उनकी कमी हमेशा महसूस होगी; गडकरी-राजनाथ समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से भारतीय सिनेमा जगत में शोक की लहर है। 75 वर्ष की उम्र में अभिनेता के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने नाना पाटेकर के पांच दशक लंबे फिल्मी सफर, दमदार अभिनय, संवाद अदायगी और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

PM मोदी बोले- नाना पाटेकर की कमी हमेशा महसूस होगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनमें जबरदस्त जोश, अनोखापन और ऐसी दमदार मौजूदगी थी, जो बहुत कम अभिनेताओं में देखने को मिलती है। उन्होंने हर किरदार में विविधता और रचनात्मकता दिखाई और ऐसे पात्र निभाए, जिन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि हिंदी और मराठी सिनेमा में नाना पाटेकर का योगदान बहुत बड़ा था। उनके निधन से एक बड़ी कमी महसूस हो रही है। उन्होंने अभिनेता के परिवार, दोस्तों और उनके अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताई।

राजनाथ सिंह ने कहा- वे सिर्फ अभिनेता नहीं, एक संस्था थे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नाना पाटेकर के निधन को भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि बहुत कम अभिनेताओं में नाना पाटेकर जैसी असाधारण विविधता और गहराई देखने को मिली। राजनाथ सिंह ने कहा कि नाना पाटेकर अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसा सकते थे, तो ‘अंकुश’, ‘प्रहार’ और ‘क्रांतिवीर’ जैसी फिल्मों में उन्होंने गंभीर और प्रभावशाली भूमिकाएं निभाईं। उनकी आवाज, स्क्रीन प्रेजेंस और अलग-अलग किरदारों में ढलने की क्षमता उन्हें अद्वितीय बनाती थी। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर सिर्फ अभिनेता नहीं, बल्कि अपने आप में एक संस्था थे।

अमित शाह ने याद किया सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नाना पाटेकर का निधन कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। पांच दशकों तक उन्होंने अपने सहज अभिनय और सशक्त संवाद अदायगी से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। शाह ने कहा कि गंभीर सामाजिक विषयों से लेकर हास्य-व्यंग्य तक नाना पाटेकर ने हर तरह के किरदार को जीवंत किया। उन्होंने ‘नाम फाउंडेशन’ के जरिए सूखे से जूझ रहे किसान परिवारों की मदद और सीमा पर जाकर जवानों का हौसला बढ़ाने जैसे कार्यों को भी याद किया। शाह ने कहा कि ख्याति के शिखर पर पहुंचने के बावजूद नाना अपनी मिट्टी से जुड़े रहे।

नितिन गडकरी ने बताया करीबी और दोस्ताना रिश्ता

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि नाना के साथ उनके करीबी और दोस्ताना संबंध थे। अपनी दमदार अदाकारी के जरिए उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक मराठी और हिंदी सिनेमा के दर्शकों के दिलों पर राज किया। गडकरी ने कहा कि संवाद अदायगी के अपने खास अंदाज से नाना ने कई किरदारों को अमर बनाया। उन्होंने ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से ग्रामीण महाराष्ट्र में जल संरक्षण और जल भंडारण के लिए किए गए कामों तथा किसानों के परिवारों की मदद को भी याद किया।

शिवराज बोले- आवाज और अंदाज सीधे दिल तक पहुंचते थे

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नाना पाटेकर के जाने की खबर से मन भारी हो गया। उनकी आवाज, बोलने का अंदाज और चेहरे के भाव सीधे दिल तक पहुंचते थे। उन्होंने कहा कि नाना ने ‘क्रांतिवीर’ और ‘परिंदा’ जैसी फिल्मों में दर्शकों को गंभीरता से झकझोरा, वहीं ‘वेलकम’ के उदय शेट्टी के किरदार से खूब हंसाया। उनके मुताबिक एक ही कलाकार में इतनी गहराई और हास्य-विनोद का होना उन्हें खास बनाता था।

सीआर पाटिल ने जल संरक्षण के काम को किया याद

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि नाना पाटेकर ने हिंदी, मराठी और क्षेत्रीय सिनेमा में अपने सशक्त अभिनय से भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया। उनके निभाए किरदार और उनका प्रभाव हमेशा याद किया जाएगा।उन्होंने कहा कि नाना का योगदान केवल सिनेमा तक सीमित नहीं था। जल संरक्षण, जलस्रोतों के पुनर्जीवन और ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा के लिए किए गए उनके कार्यों ने लोगों को प्रेरित किया। उनके निधन को कला जगत और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में बड़ी क्षति बताते हुए पाटिल ने श्रद्धांजलि दी।

प्रल्हाद जोशी और मनोहर लाल ने भी जताया दुख

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नाना पाटेकर को थिएटर का दिग्गज कलाकार और संवेदनशील समाजसेवी बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनका निधन भारतीय सिनेमा, थिएटर और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने भी नाना पाटेकर के निधन को भारतीय कला जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने अभिनेता के सशक्त अभिनय और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया।केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांता मजूमदार ने भी नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि ‘क्रांतिवीर’, ‘परिंदा’ और ‘नटसम्राट’ जैसी फिल्मों में उनका अभिनय हमेशा याद किया जाएगा।

पांच दशक का सफर, अभिनय के साथ समाजसेवा में भी पहचान

नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा के साथ रंगमंच पर भी अपनी अलग पहचान बनाई। ‘क्रांतिवीर’, ‘परिंदा’, ‘प्रहार’, ‘अंकुश’, ‘नटसम्राट’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया। अभिनय के अलावा नाना पाटेकर सामाजिक कार्यों से भी जुड़े रहे। किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों, जल संरक्षण और सूखा प्रभावित परिवारों के लिए किए गए उनके कार्यों का भी नेताओं ने अपनी श्रद्धांजलि में उल्लेख किया। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसकी आवाज, संवाद अदायगी और अभिनय शैली लंबे समय तक दर्शकों की यादों में बनी रहेगी।

राष्ट्रपति ने बताया भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन को भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति बताया और उनके परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। बहुमुखी प्रतिभा और प्रभावशाली अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले नाना पाटेकर का बृहस्पतिवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से बहुत दुखी हूं। अपने प्रभावशाली और भावपूर्ण अभिनय के जरिए उन्होंने मानवीय अनुभवों की विस्तृत श्रृंखला को जीवंत किया। उन्होंने ऐसे किरदार निभाए, जिनकी लोगों के दिल और दिमाग पर गहरी छाप पड़ी।” उन्होंने कहा कि समाज सेवा के प्रति पाटेकर की प्रतिबद्धता वंचित लोगों के लिए उनकी चिंता को दर्शाती थी। राष्ट्रपति ने कहा, ”उनका निधन भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति है। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।

राहुल और प्रियंका गांधी ने भी जताया शोक

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री गांधी ने गुरूवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने अभिनय और किरदारों के जरिए उन्होंने भारतीय सिनेमा और दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है। श्री गांधी ने इस पीड़ा की घड़ी में उनके शोकाकुल परिजनों, मित्रों और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की और शोक-संतप्त परिजनों एवं प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर की दमदार अदाकारी और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता जनता की स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेगी। उन्होंने दिग्गज अभिनेता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने बताया बेहद दुखद और हृदयविदारक

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। पाटेकर का बृहस्पतिवार सुबह गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। चौधरी ने पाटेकर के निधन को ”बेहद दुखद और हृदयविदारक” बताते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा ने एक ”महान और बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार” को खो दिया है। चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार एवं उनके असंख्य प्रशंसकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777