राज्य

अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा हमला, बोले- Video देखने वालों पर भी होगा मुकदमा? PDA को लेकर कही बड़ी बात

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला अपराध और शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार पर कई सवाल उठाए। अजय सेठ से जुड़े एक वीडियो को साझा करने पर मुकदमा दर्ज होने का हवाला देते हुए अखिलेश यादव ने तंज कसा कि आने वाले समय में ‘जो इस वीडियो को देखेगा, उस पर भी मुकदमा होगा।’

सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी पीडीए को एकजुट कर उत्तर प्रदेश से भाजपा को हटाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज के लोगों के साथ अत्याचार हो रहा है और नफरत की राजनीति के जरिए समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है।

वीडियो शेयर करने पर FIR का मुद्दा उठाया

पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने अजय सेठ से जुड़े वीडियो का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वीडियो साझा करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसी संदर्भ में उन्होंने तंज करते हुए कहा कि अगर वीडियो शेयर करने पर एफआईआर हो सकती है तो आने वाले समय में वीडियो देखने वाले लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होने की स्थिति बन सकती है।

अखिलेश यादव ने कहा, “ये भाजपा वाले कुछ भी कर सकते हैं।” उन्होंने श्रावस्ती में पूर्व विधायक द्वारा वीडियो साझा किए जाने पर एफआईआर का भी उल्लेख किया और बलरामपुर में जगराम पासवान से जुड़े मामले को लेकर सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

रायबरेली के कार्यक्रम को लेकर भी सरकार पर आरोप

सपा अध्यक्ष ने रायबरेली में बच्चों के एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कार्यक्रम में रुकावट पैदा की गई। उन्होंने कहा कि बच्चों का कार्यक्रम था, लेकिन भाजपा के लोगों ने उसे नहीं होने दिया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा स्वजातीय लोगों को बढ़ावा देना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज के लोगों के साथ अत्याचार हो रहा है।

प्रशासन और कानून-व्यवस्था पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था चौपट है और भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की हद हो गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में कोई नई योजना लागू करने में सफल नहीं हो सकी। उनके मुताबिक, जनता को दिखाने के लिए भी भाजपा के पास समाजवादी सरकार के समय किए गए काम ही हैं।

महिला अपराध और पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने महिला अपराध, कथित फर्जी एनकाउंटर और पुलिस हिरासत में मौतों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद उत्तर प्रदेश इन मामलों में अव्वल नंबर पर है।अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों को समय से इलाज नहीं मिल रहा है और शुद्ध पेयजल की समस्या भी बनी हुई है। उन्होंने स्कूल बंद होने का भी आरोप लगाया।

बेरोजगारी का मुद्दा उठाया, युवाओं के लिए छात्रसंघ चुनाव की मांग

अखिलेश यादव ने बेरोजगारी को लेकर कहा कि नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है और वे आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव का हवाला देते हुए सपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में भी छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि जब दिल्ली में छात्रसंघ चुनाव हो सकते हैं तो उत्तर प्रदेश में क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिलना चाहिए।

महंगाई और रुपये की स्थिति पर भी तंज

महंगाई को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में इन दिनों दीयों का कंपटीशन चल रहा है और हर कोई यह देखने में लगा है कि कौन कितने ज्यादा दीये जलवाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले डॉलर और रुपये की तुलना किया करते थे, उन्हें अब रुपये की हालत देखनी चाहिए।

PDA को एकजुट कर भाजपा को हटाने के लिए संकल्पित है सपा

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास अपनी उपलब्धियों के नाम पर बताने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नफरत की राजनीति के जरिए समाज को बांटने का प्रयास कर रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की नीतियों का सबसे ज्यादा असर पीडीए, युवाओं, महिलाओं और आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भविष्य और आने वाली पीढ़ी की खुशहाली के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना लोकतंत्र के हित में है। अखिलेश यादव ने दोहराया कि समाजवादी पार्टी पीडीए को एकजुट कर उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया करने के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777