खेल-खिलाड़ी

Arjun Erigaisi ने EWC में निहाल सरीन को दी मात, फिरोजा से हारकर निचले वर्ग में खिसके

भारत के स्टार शतरंज खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी ने बुधवार को ईस्पोर्ट्स विश्व कप (ईडब्ल्यूसी) में उतार-चढ़ाव भरे दिन में हमवतन निहाल सरीन को 2-0 से हराकर ऊपरी वर्ग में जगह बनाई, लेकिन बाद में अलीरेजा फिरोजा से हारकर निचले वर्ग में खिसक गए। ‘जेन.जी टीम’ से खेल रहे अर्जुन ने दिन की शुरुआत शानदार अंदाज में की और ‘एस8यूएल ईस्पोर्ट्स’ के निहाल सरीन को 2-0 से हराकर ऊपरी वर्ग में आगे बढ़े। फिरोजा ने हालांकि उन्हें आर्मगेडन टाईब्रेकर तक पहुंचे मुकाबले में शिकस्त दी, जिससे अर्जुन को निचले वर्ग में जाना पड़ा।

अर्जुन अब बृहस्पतिवार को निचले वर्ग के क्वार्टर फाइनल में निहाल सरीन और चीन के वेई यी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे। इस मुकाबले का विजेता निचले वर्ग के सेमीफाइनल में अर्जुन का सामना करेगा और जीतने वाला खिलाड़ी प्लेऑफ में पहुंचेगा। ‘एस8यूएल ईस्पोर्ट्स’ के प्रज्ञानेश एम निचले वर्ग के क्वार्टर फाइनल में बेंजामिन बोक का सामना करेंगे।

इस मुकाबले के विजेता की भिड़ंत सेमीफाइनल में जान-क्रिजस्तोफ डूडा से होगी और वहां जीतने वाला खिलाड़ी भी प्लेऑफ में जगह बनाएगा। प्रज्ञानेश को इससे पहले ऊपरी वर्ग के क्वार्टर फाइनल में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से हार मिली थी। ग्रुप ए में शामिल फिरोजा और अब्दुसत्तोरोव पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।

इस ग्रुप में अर्जुन, निहाल और प्रज्ञानेश समेत तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। ग्रुप बी में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन ने ऊपरी वर्ग के सेमीफाइनल में हंस मोके नीमन को हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई। अमेरिका के हिकारू नाकामुरा ने भी ग्रुप बी से प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777