सेंसरशिप की जंग में दिलजीत दोसांझ की फिल्म ने OTT नियमों को दी चुनौती, क्या पब्लिसिटी पाने का था सोचा-समझा प्लान?
एक ऐसी फिल्म जिसे सिनेमाघरों के परदे तक पहुंचाने और सेंसर बोर्ड की कैंची से बचाने के लिए मेकर्स ने सालों तक कानूनी लड़ाई लड़ी, वह आखिरकार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आई तो सही, लेकिन महज 48 घंटों के भीतर ही गायब हो गई। ग्लोबल स्टार दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘सतलुज’ (Sutlej) को 3 जुलाई को चुपचाप ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर स्ट्रीम किया गया और दो दिनों के भीतर ही इसे भारत में कैटलॉग से हटा दिया गया।
मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा की जिंदगी और पंजाब में 90 के दशक के उग्रवाद के काले दौर पर आधारित इस फिल्म के अचानक आने और जाने ने भारतीय डिजिटल मीडिया, सेंसरशिप और अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस पूरे घटनाक्रम ने 5 ऐसे बड़े सवालों को जन्म दिया है, जिनके जवाब कानूनी और नैतिक रूप से बेहद पेचीदा हैं:
1. 127 कट्स की अड़चन: मेकर्स ने ‘पंजाब ’95’ का नाम बदलकर ओटीटी को क्यों चुना?
इस फिल्म का सफर बेहद विवादित रहा है। मूल रूप से इस फिल्म का नाम ‘घल्लूघारा’ (जिसका पंजाबी में अर्थ ‘नरसंहार’ होता है) रखा गया था। बाद में इसे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पास ‘पंजाब ’95’ के नाम से भेजा गया। सेंसर बोर्ड ने फिल्म के संवेदनशील विषय को देखते हुए इसमें टाइटल, विजुअल्स और डायलॉग्स सहित कम से कम 127 कट्स लगाने की शर्त रख दी। मेकर्स ने इसके खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन थिएटर में रिलीज का कोई रास्ता न देख आखिरकार याचिका वापस ले ली गई।
इसके बाद मेकर्स ने कानूनी खामियों या कहें ‘रेगुलेटरी गैप’ का फायदा उठाने की रणनीति बनाई। सिनेमाघरों के लिए जहां CBFC का सर्टिफिकेट अनिवार्य है, वहीं ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021’ के तहत आते हैं, जहां सेल्फ-क्लासिफिकेशन (स्व-वर्गीकरण) का नियम लागू होता है। मेकर्स ने फिल्म का नाम बदलकर ‘सतलुज’ किया और बिना प्री-सर्टिफिकेशन के इसे सीधे ZEE5 पर उतार दिया। एक्टर-राइटर गज़ल ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार को यह भ्रम में रखकर कि ‘पंजाब ’95’ पर अभी बात चल रही है, चुपचाप ‘सतलुज’ को रिलीज करना एक सोची-समझा प्री-प्लान्ड कदम था। निर्देशक हनी त्रेहान के मुताबिक, वे दर्शकों को कट्स से कटी-फटी फिल्म नहीं दिखाना चाहते थे, इसलिए ओटीटी ही एकमात्र रास्ता था।




